ट्रेन चलाएगी रांची की आदिवासी महिला
रांची, 4 मई (आईएएनएस)। झारखंड की आदिवासी महिला दीपाली अमृत खालको अब रांची रेलवे संभाग में ट्रेन चलाएंगी।
दीपाली रांची से लोहरदग्गा के बीच पैसेंजर ट्रेन को चलाएंगी।
रांची के कांके इलाके की रहने वाली दीपाली ने आईएएनएस से बताया," मैं बचपन से ही कुछ अलग करना चाहती थी। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि मैं एक दिन ट्रेन चालक बनूंगी।"
गौरतलब है कि दीपाली ने 1999 में पॉलिटेकनिक में डिप्लोमा किया है।
इससे पहले उसका चयन इलाहाबाद रेलवे संभाग में हुआ था । दीपाली ने बताया कि वह रांची संभाग में अपनी नियुक्ति चाहती थी इसलिए उसने दोबारा यह परीक्षा दी और दूसरी बार में उसका चयन रांची रेलवे संभाग में हो गया।
व्यावहारिक प्रशिक्षण के बारे में बताते हुए उसने कहा, "मेरा प्रशिक्षण दक्षिण-पूर्वी रेलवे में हुआ। मैंने डीजल और विद्युतीय दोनों तरह की ट्रेनों को चलाने का प्रशिक्षण लिया है।"
मध्यवर्गीय परिवार की दीपाली ने कहा, "मेरे परिवार ने मेरा हमेशा सहयोग किया। अच्छा लगता है जब लोग मुझे आश्चर्य से ट्रेन ड्रायवर की सीट पर बैठते देखते हैं।"
दो बच्चों की मां दीपाली के पति अतीत कहते हैं, "उसे ट्रेन का चालक देखकर मैं बहुत खुश हूं। उसने रेलवे में नियुक्ति के बाद स्वयं को साबित कर दिया कि वह सबसे अलग है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications