मुंह में कैंची फंसाकर काटता है बाल

अंसार शेख अब तक हाथों से बाल काटते थे, तो उन्हें कोई नहीं जानता था, लेकिन जब से वह मुंह में कैंची फंसाकर लोगों के बाल काटने लगे हैं, तब से उनकी न सिर्फ शोहरत बढ़ गई है, बल्कि उनकी रोजी रोटी में भी बरकत होने लगी है।
आजमगढ़ जिले के मिस्टर अंसार शेख पेशे से नाई जरूर हैं, लेकिन उनकी इच्छा हमेशा से शोहरत की बुलंदियों को छूने की रही हैं। 41 वर्ष के हो चुके अंसार शेख को हमेशा लगता था कि काम कोई भी छोटा नहीं होता है। इसलिए उन्होंने अपने पेशे से ही दुनिया में नाम कमाने की ठानी।
आजमगढ़ के रोडवेज कालोनी के रहने वाले अंसार शेख पिछले 15 सालों से बाल काटने की दुकान चला रहे हैं, इसलिए बाल काटने के क्षेत्र में उन्हें काफी महारत हासिल हो चुकी है। शेख इसी काबिलयत को शोहरत प्राप्त करने का माध्यम बना रहे हैं।
अंसार अब लोगों के बाल मुंह में कैंची फंसाकर काटते हैं। लोग भी कौतूहलबस बाल इन्हीं से कटवाते हैं, इसलिए अब इनकी दुकान में हमेशा भीड़ लगी रहती है। अंसार को एक आदमी का मुंह में कैंची फंसाकर बाल काटने में लगभग 35-40 मिनट लगते हैं।
बाल कटवाने आए राजीव श्रीवास्तव बताते हैं कि ये बाल चाहे हाथ से काटें चाहे मुंह से कैंची फंसा कर काटे, कोई फर्क नहीं पड़ता है। एक अन्य ग्राहक चंद प्रकाश तो कहते हैं कि शेख हाथ से अच्छा अब मुंह से बाल काटने लगे हैं।
खुद अंसार शेख कहते हैं कि मैं 24 घंटे लगातार मुंह में कैंची फंसाकर बाल काट चुका हूं। अब मैं गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराना चाहता हूं। अंसार शेख की दिली इच्छा है कि वे विकलांगों और अंधों के लिए बाल काटने का एक ट्रेनिंग सेंटर खोलें।
अंसार शेख में अगर शोहरत की नई ऊचाइयां छूने की तमन्ना है तो समाज सेवा का जज्बा भी। तभी तो ये विकलांगों और अंधों के लिए बाल काटने की ट्रेनिंग स्कूल खोलना चाहते हैं, ताकि विकलांग भी सम्मान की जिंदगी बसर कर सकें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications