आंध्र प्रदेश में गरीबों को फिर मिलेगा दो रुपये किलो चावल
हैदराबाद, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में दूसरी बार गरीब परिवारों के लिए दो रुपए प्रति किलो चावल देने की योजना बुधवार को शुरू की गई।
राज्य सरकार के मंत्रियों ने इसकी शुरुआत विभिन्न जिलों में की जबकि मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी ने महबूबनगर के जादचेरला में औपचारिक रूप से इस योजना को शुरू किया।
अगले साल होने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस सरकार की यह योजना गरीबी रेखा के नीचे (बीपीएल) 1 करोड़ 87 लाख परिवारों के लिए है।
योजना के मुताबिक सरकार द्वारा संचालित जन वितरण प्रणाली की दुकानों से बीपीएल परिवारों को यह लाभ मिलेगा। इसके लिए राशन कार्ड लाना होगा जिस पर बीपीएल परिवारों को प्रति महीने सब्सिडी वाला 20 किलो चावल मिलेगा।
यह योजना ऐसे समय में लाई गई है जब बाजार में इसी गुणवत्ता वाले चावल की कीमत 13 रुपये प्रति किलो है। राज्य के अधिकारियों ने बताया कि इस योजना से राज्य की 8 करोड़ 22 लाख जनसंख्या में से 6 करोड़ 50 लाख लोगों को यह लाभ मिलेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications