गुजरात नरसंहार स्थल पर विशेष दल का दौरा
अहमदाबाद, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित एक विशेष दल ने मंगलवार को अहमदाबाद के गुलबर्ग हाउसिंग सोसाइटी क्षेत्र का दौरा किया जहां 2002 की सांप्रदायिक हिंसा में 39 लोगों सहित भूतपूर्व कांग्रेस सांसद एहसान जाफरी को जला कर मार डाला गया था।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व निदेशक आर. के. राघवन के नेतृत्व में यह पांच सदस्यीय दल जाफरी के घर गया। जाफरी क्रुद्ध भीड़ से अपनी और अपने पड़ोसियों की जान बचाने के प्रयास में मारे गए थे।
सन् 2002 में गोधरा स्टेशन पर 59 हिंदुओं को एक ट्रेन के डिब्बे में जलाकर मार डालने के बाद गुजरात में भड़की सांप्रदायिक हिंसा में बड़ी संख्या में कत्लेआम हुआ था।
अहमदाबाद के अतिरिक्त यह विशेष दल नरौदा और नरौदा पटिया भी गया, जहां अनेक हत्याएं हुई थीं।
विशेष दल में राघवन के अतिरिक्त गुजरात भारतीय पुलिस सेवा की अफसर गीता जौहरी, शिवानंद झा और आशीष भाटिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस निदेशक सी. बी. सत्पति हैं।
गौरतलब है कि सर्वोच्च न्यायालय के तीन न्यायाधीशों, अरिजित पसायत, पी. सतशिवम और आफताब आलम की खंडपीठ ने गत माह इस विशेष दल की स्थापना की थी।
विशेष दल को तीन माह में कार्य पूरा कर सर्वोच्च न्यायालय को अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications