'राजस्थान में 25 लाख कृषकों को कम ब्याज पर ऋण देगी सरकार'
जयपुर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि प्रदेश में 25 लाख लघु कृषकों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें कम ब्याज दर पर ऋण दिया जाएगा। इसमें ब्याज की कुछ राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
वसुंधरा राजे बुधवार को नीमकाथाना से सीकर सड़क मार्ग से जाते समय खंडेला कस्बे में आयोजित समारोह में बोल रही थीं। उन्होंने इस समारोह में स्व. गोपाल सिंह खंडेला की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने खंडेला मोड़ पर 132 केवी का विद्युत स्टेशन बनाने, कावंट-खण्डेला सड़क को चौड़ा कराने, श्रीमाधोपुर-गोविन्दपुरा सड़क के लिए 14 करोड़ रुपये की राशि मंजूर करने तथा खण्डेला कस्बे में सीमेंट सड़क बनवाने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक-एक सीमेंट सड़क का निर्माण कराया जाएगा। गोटा उद्योग के लिए प्रसिद्ध खण्डेला कस्बे में मुख्यमंत्री को गोटे की माला भी पहनाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि गत सात वर्षो में पहली बार इस कस्बे में मुख्यमंत्री की यात्रा हुई है।
मुख्यमंत्री ने खण्डेला के निकट भादवाड़ी गांव में 67 लाख रुपये की ग्रामीण पाइप जल योजना का शिलान्यास तथा गांव के विकास के लिए 63 लाख रुपये देन और गांव के माध्यमिक विद्यालय को उच्च माध्यमिक विद्यालय स्तर में क्रमोन्नत करने की घोषणा की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications