हिंद्राफ नेता के उपचार में कोताही बरतने का आरोप
कुआलालंपुर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। मलेशिया में जेल में बंद हिंदू राइट एक्शन फोर्स (हिंद्राफ) के वकील पी. उथयकुमार के बिगड़ते स्वास्थ्य के लिए उनकी मंगेतर एस.इंदिरा देवी ने जेल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।
देवी का आरोप है कि मधुमेह रोगी उथयकुमार के उपचार के लिए जेल प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
देवी का कहना है कि प्रशासन के लापरवाहीपूर्ण रवैये के कारण ही हिंद्राफ नेता की तबीयत दिनोंदिन बिगड़ रही है।
समाचार पत्र 'द स्टार' ने बुधवार को देवी के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट में लिखा, "जब मैंने उन्हें सोमवार को अस्पताल में देखा तो वह काफी बीमार थे। उनकी हालत काफी खराब हो चुकी है।"
देवी ने बताया किउनके मंगेतर अपनी बीमारी के संबंध में जेल प्रशासन को छह पत्र लिख चुके हैं।
देवी का आरोप है कि उथयकुमार को अस्पताल में भर्ती करवाने की सूचना भी उन्हें नहीं दी गई थी।
गौरतलब है कि सोमवार को तबीयत खराब होने के बाद उथयकुमार को जिला ताइपिंग के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
याद रहे कि बीते वर्ष नवंबर में आयोजित एक रैली में सरकार के खिलाफ हिंदुओं की भावनाएं भड़काने के आरोप में उथ्याकुमार सहित पांच हिंद्राफ नेताओं को दो वर्ष की जेल की सजा सुनाई गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications