राजपक्षे एशियाई नेताओं की बैठक के लिए चीन रवाना
कोलम्बो, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। चीन में होने वाली बहुपक्षीय बोआओ फोरम फॉर एशिया (बीएफए) की बैठक में भाग लेने के लिए श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे बुधवार को रवाना हुए। वह वहां पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ और अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे।
चीन के हैनान प्रांत में 11 से 13 अप्रैल तक होने वाली बोआओ बैठक का विषय इस वर्ष 'हरित एशिया, बदलाव के साथ विजय की ओर' है।
एशिया के लिए बोआओ फोरम की स्थापना 2001 में की गई थी। इस मंच पर एशिया और विश्व के अन्य देशों के नेता व्यापक क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग के साथ एशियाई देशों के विकास लक्ष्य के निर्धारण पर विमर्श करते हैं।
फोरम की औपचारिक शुरुआत चीन के राष्ट्रपति हू जिंताओ करेंगे। इस बैठक में आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री कैविन माइकेल रड्ड, चिली की राष्ट्रपति मिशैल जे. बैख्लेट, कजाकिस्तान के प्रधानमंत्री करीम के. मासिमोव और पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ सहित अनेक नेता शिरकत करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications