उड़ीसा में हैजा-डायरिया बना मुख्य चुनावी मुद्दा
भुवनेश्वर, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। उड़ीसा में लक्ष्मीपुर लोकसभा सीट के उप-चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी हैजा और उल्टी-दस्त जैसी बीमारियों को मुख्य मुद्दा बना रही है।
बीते वर्ष 24 नवंबर को कांग्रेस नेता अनंतराम मांझी की मौत के बाद यह सीट खाली हो गई थी। इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए शनिवार को उप-चुनाव संपन्न होंगे।
फिलहाल कांग्रेस मतदाताओं को रिझाने के लिए पिछले साल इस इलाके में फैले उल्टी-दस्त व हैजा जैसे रोगों को प्रदेश सरकार की नाकामी के रूप में पेश कर रही है।
उड़ीसा में कांग्रेस अध्यक्ष जयदेव जेना के मुताबिक, "सोनिया गांधी की ओर से राहत कार्यो के लिए आवश्यक राशि भी जारी की गई थी। फिर भी राज्य सरकार लोगों को नहीं बचा सकी।"
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक चुनाव प्रचार के दौरान केन्द्र सरकार की असफलताओं को गिनवाने में लगे हैं।
पटनायाक इन दिनों चुनावी रैलियों में केन्द्र द्वारा उनके राज्य की कथित रूप से उपेक्षा किए जाने पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2007 में इस इलाके में उक्त रोगों की चपेट में आने से 100 लोगों व गैर-सरकारी आंकड़ों के अनुसार 300 लोगों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications