सीबीआई ने पूर्व रॉ अधिकारी के खिलाफ दाखिल किया आरोप पत्र
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार को न्यायालय में मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) वी. के. सिंह के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। सिंह पर भारत की जासूसी संस्था 'रॉ' की कुछ सूचनाओं को एक पुस्तक में डालने का आरोप लगाया गया है।
सीबीआई प्रवक्ता जी. मोहंती ने कहा कि मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के न्यायालय में अनुसंधान व विश्लेषण शाखा (रॉ) के पूर्व संयुक्त निदेशक सिंह और उस पुस्तक के प्रकाशक पर ऑफिशियल सेकेट्रस एक्ट (ओएसए) के तहत आरोप पत्र दाखिल किया गया है।
सिंह पर 'सूचना के गलत इस्तेमाल' के आधार पर इस एक्ट की धारा 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा सिंह पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 409 के तहत भी मामला दर्ज किया गया था।
मोहंती ने कहा कि जांच के बाद सिंह पर गुप्त सूचनाओं को पुस्तक में उजागर करने के आरोप को सही पाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।