सेंसेक्स ने की फिर से चढ़ाई
मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। एशियाई पूंजी बाजारों से मिल रहे नकारात्मक रुख के बावजूद घरेलू शेयर बाजार बुधवार को मजबूती से बंद हुए।
मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक जहां 202.89 अंक यानी 1.30 फीसदी की तेजी के साथ 15,790.51 के स्तर पर बंद हुआ वहीं, राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी दिन के कारोबार की समाप्ति पर 37.40 अंक यानी 0.79 फीसदी की मजबूती के साथ 4,747.05 के स्तर पर दर्ज किया गया।
बैंकिंग, पूंजीगत वस्तुओं, ऊर्जा व धातु खंड की कंपनियों के शेयरों में भारी लिवाली का जोर देखा गया जबकि एफएमसीजी और आटो क्षेत्र की कंपनियों के शेयर में बिकवाली का दबाब दिखा। दिन के कारोबार के दौरान बीएसई में कुल 1,821 शेयरों के भाव चढ़े। कुल 804 शेयरों के भाव गिरे। कुल 447 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं देखा गया।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांक में भी आज बढ़त देखने को मिली। मिडकैप सूचकांक जहां 88.49 अंक यानी 1.39 फीसदी चढ़कर 6,471.51 के स्तर पर बंद हुआ वहीं, स्मालकैप सूचकांक 126.94 अंक यानी 1.62 फीसदी की मजबूती से 7,941.11 के स्तर पर बंद हुआ।
दिन के कारोबार के दौरान बीएसई में आज जिन कंपनियों के शेयर के भाव चढ़े उनमें प्रमुख हैं:- एल एंड टी, भेल, टाटा स्टील और टाटा कम्युनिकेशंस। वहीं, मारुति, एम एंड एम, यूनीटेक व स्टरलाइट इंडस्ट्रीज के शेयर के भाव गिरे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications