यूपी में आलू की कीमतों में भारी गिरावट
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। पिछले एक सप्ताह के दौरान उत्तर प्रदेश में आलू की कीमतों में पचास फीसदी तक की गिरावट आई है। आलू का बंपर उत्पादन और पर्याप्त शीतगृहों की कमी कीमतों में भारी गिरावट के लिए जिम्मेदार है।
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार प्रदेश के आलू उत्पादक क्षेत्रों खासकर फरू खाबाद, इटावा, हाथरस और अलीगढ़ के सारे शीतगृहों में आलू का भंडारण संपन्न हो चुका हैं। इन क्षेत्रों में आलू की कीमतों में 2 से लेकर 2.50 रुपये तक की गिरावट आई है। फिलहाल हाथरस, इटावा और अलीगढ़ में आलू की थोक कीमत 3.50 रुपये प्रति किलो है।
प्रदेश मंडी परिषद के अनुसार मौजूदा सीजन के दौरान प्रदेश में कुल 1.25 करोड़ टन आलू उत्पादन का अनुमान है। पिछले वर्ष की तुलना में यह 15 लाख टन ज्यादा है जबकि प्रदेश में स्थित कुल शीतगृहों की कुल आलू भंडारण क्षमता 90 लाख टन की है। मंडी परिषद के अधिकारियों के अनुसार भंडारण की उचित व्यवस्था के अभाव में मौजूदा वर्ष के दौरान 20 से लेकर 25 लाख टन आलू के बर्बाद हो जाने की आशंका है।
शीतगृह मालिकों के द्वारा भंडारण की दर में बढ़ोतरी किए जाने से भी किसानों की परेशानी बढ़ गई हैं। गौरतलब है कि शीतगृह मालिकों ने पिछले 15 मार्च को भंडारण दर 115 रुपये प्रति 100 किलो से बढ़ाकर 130 रुपये प्रति 100 किलो की घोषणा की थी।
कारोबारी बताते हैं कि आने वाले सप्ताह तक किसानों के द्वारा स्टाक निकालने में तेजी आएगी क्योंकि तापमान में वृद्धि के साथ ही आलू को सुरक्षित रखना मुश्किल हो जाएगा।
लेकिन आम उपभोक्ताओं को आलू की कीमतों में नरमी का कोई फायदा नहीं हुआ है। उन्हें अभी भी खुदरा बाजार में 7 से 7.50 रुपये प्रति किलो की दर से आलू खरीदना पड़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications