भारतीय दूतावास ने बहरीन में श्रमिक विवाद सुलझाया
दुबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बहरीन स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय श्रमिकों और उनके स्थानीय मालिकों के बीच एक विवाद को सुलझा दिया है। श्रमिकों ने मालिक पर मारपीट का आरोप लगाया था।
दूतावास के एक अधिकारी ने मनामा से आईएएनएस को बताया कि 11 भारतीय मजदूरों ने सोमवर को दूतावास में आकर अपने मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
सभी मजदूर केरल के रहने वाले हैं और अल साएब निर्माण कंपनी में 2006 से कार्य कर रहे हैं।
मजदूरों का आरोप है कि सालाना दो महीने की छुट्टी और बकाया वेतन की मांग करने पर उनके मालिकों ने उन्हें बुरी तरह पीटा।
दो मजदूरों टी.राजा और टी. मनिकंदन के सिर पर काफी चोटें आई हैं और हाथों में फ्रैक्च र हो गया है।
घायल मजदूरों को इलाज के लिए सलमानिया चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है।
दूतावास द्वारा बुलाने पर मालिकों ने आकर लिखित रूप से मजदूरों से अच्छा व्यवहार करने का आश्वासन दिया। मजदूरों ने भी कोई समस्या नहीं खड़ी करने का आश्वासन दिया है।
राजा और मनिकंदन ने काम छोड़ दिया है और वे स्वदेश लौट आएंगे। दो और मजदूर 11 अप्रैल को अपने अनुबंध की समाप्ति के बाद स्वदेश लौट आएंगे।
बहरीन में निर्माण उद्योग में करीब 275,000 भारतीय मजदूर काम कर रहे हैं। पिछले महीने श्रमिकों द्वारा वेतन और सुविधाओं में वृद्धि की मांग को लेकर यह क्षेत्र हड़तालों की चपेट में आ गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications