दो बहनों की हत्या कर खुद को गोली मारी
बैतूल, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के बैतूल में मर्चेन्ट नेवी के एक सुरक्षा गार्ड ने पहले तो अपनी दो बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर उसने अपने आपको भी गोली मार ली। घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बैतूल के पुलिस अधीक्षक जगत सिंह संसवाल ने बताया कि बैतूल से लगभग पचास किलोमीटर दूर स्थित मुलताई के इंदिरा गांधी वार्ड में रहने वाला संतोष कड़वे मुंबई में मर्चेन्ट नेवी में सुरक्षा गार्ड रहा है।
आज दोपहर उसने अपनी दो बहनों राधा और मनीषा को घर में ही गोली मार दी, जिससे दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। उसके बाद संतोष ने खुद को गोली मार ली। घायल संतोष को उपचार के लिए नागपुर भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक संतोष ने इस वारदात को विदेशी रिवाल्वर से अंजाम दिया है। घटना की वजह क्या है इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।