मध्यप्रदेश में वैंटिलेटर पर भाजपा : पचौरी
बैतूल, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेश पचौरी का कहना है कि सूबे की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार अब कुछ ही दिनों की मेहमान है और इस समय वह पूरी तरह वैंटिलेटर पर चल रही है।
उनके मुताबिक विधानसभा के आगामी चुनावों में भाजपा की विदाई तय है। पचौरी ने यह बात बैतूल संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव के दौरान आयोजित सभाओं में कही।
पचौरी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह केन्द्र सरकार की योजनाओं को अपना बताकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन योजनाओं का लाभ जनता से ज्यादा भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जितनी बिजली उतने दाम का नारा तो दिया था मगर उससे वह मुकर गई है और बिजली दिए बगैर ही हजारों के बिल जारी किए जा रही है।
पचौरी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी वादों व घोषणाओं का मुख्यमंत्री करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का हर मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त है और वह जनता की बजाए अपनी चिंता कर रहा है। हालत यह है कि आधा दर्जन मंत्रियों के खिलाफ लोकायुक्त में शिकायत दर्ज है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस












Click it and Unblock the Notifications