बीएचयू देगा मनमोहन को डीलिट की उपाधि
वाराणसी, 14 मार्चः वाराणसी स्थित विश्व प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में आज शाम प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह अपनी पत्नी गुरशरण कौर के साथ दर्शन पूजन एवं रूद्राभिषेक करेंगे. यह पूजन करने वाले वह इंदिरा गांधी के बाद देश के दूसरे प्रधानमंत्री होंगे.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री अपनी दो दिवसीय काशी यात्रा पर आज शाम यहां पहुंचने के बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित अपने विश्राम स्थल से सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान शिव का दर्शन पूजन करने पहुंचेंगे.
प्रधानमंत्री सपत्नीक बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन करेंगे. सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री बाबा का संक्षिप्त रूद्राभिषेक करेंगे क्योंकि रूद्राभिषेक के पूर्ण पूजन में कम से कम तीन से चार घंटे का समय लगता है.
प्रधानमंत्री के मंदिर में संक्षिप्त कार्यक्रम को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने उनके लिए षोडशोपचार पूजन की व्यवस्था की है. इससे पूर्व देश की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जनता पार्टी की सरकार के गिरने के बाद देश की बागडोर एक बार फिर से संभालने पर बाबा विश्वनाथ में सवा मन दूध से विधिवत दुग्धाभिषेक करवाया था.


Click it and Unblock the Notifications
