प्रधानमंत्री पद के इच्छुक नहीं जरदारी
कराची 7 फरवरी: पाकिस्तान की स्वर्गीय भूतपूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के पति आसिफ जरदारी ने कहा है कि पाकिस्तान का प्रधानमंत्री बनने की उनकी कोई मंशा नहीं है.
पाकिस्तान के सिंध प्रांत स्थित बेनजीर भुट्टो के गांव नौदेरो में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ही प्रधानमंत्री पद के लिए अपने प्रत्याशी का निर्णय करेगी.
ज्ञातव्य है कि मंगलवार को न्यूजवीक नामक पत्रिका में उन्हें यह कहते हुए उद्धृत किया गया था कि उनके अतिरिक्त पीपीपी में कोई बड़ा नाम नहीं है और इस बात से हर कोई अवगत है. पत्रिका के अनुसार उन्होंने यह भी कहा था कि यदि आगामी 18 फरवरी को होने वाले आम चुनावों में पीपीपी के विजयी रहने की स्थिति में वे प्रधानमंत्री पद के लिए प्रत्याशी बनने में इच्छुक होंगे.
परंतु अपने ताजा बयान में आसिफ जरदारी ने इन सभी संभावनाओं का खंडन किया है कि वे पाकिस्तान के आगामी प्रधानमंत्री बनने की कोई ख्वाहिश रखते हैं.



Click it and Unblock the Notifications