बिलकिस बानों मामले में 11 को उम्र कैद
नई दिल्ली, 22 जनवरीः केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत (मुम्बई) ने गुजरात दंगो के चर्चित बिलकिस बानो मामले में 11 अभियुक्तों को उम्र कैद की सजा सुनाई. सहायक सब इंस्पेक्टर सोमाभाई गोरी को चार वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई है.
सीबीआई के अनुसार बिलकिस बानों के साथ दुष्कर्म उसकी बेटी और 13 अन्य रिश्तेदारों की हत्या के मामले में जसवंत नाई, गोविंद नाई, शैलेश भट्ट, राधेश्याम शाह, बिपिनचंद्र जोशी, केशारभाई वोहानिया, बाका भाई वोहानिया, प्रदीप मोरादिया, राजू सोनी, मितेश भट्ट और रमेश चांदना को उम्र कैद की सजा सुनाई गई. यह जघन्य अपराध तीन मार्च 2002 को किया गया था.
उच्चतम न्यायालय के आदेश पर सी बी आई ने यह मामला 18 दिसम्बर 2003 को अपने हाथों में लिया था. उल्लेखनीय है कि बिलकिस बानो ने आरोप लगाया था कि गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस को जलाये जाने के बाद हुये दंगों में वह और उनके 16 अन्य रिश्तेदारों पर 25-30 लोगों की उग्र भीड़ ने तीन मार्च 2002 को हमला कर दिया.
बिलकिस बानो और उनके रिश्तेदार उस समय अपने प्राणों की रक्षा के लिये एक से दूसरे गांव को भाग रहे थे. यह हमला छप्परवाड़ से पन्नीवेला जाने वाली सड़क पर किया गया.


Click it and Unblock the Notifications
