स्पाइसजेट भी भरेगा अंतराष्ट्रीय उड़ान
पणजी, 4 दिसम्बरः देश में किफायती दर की नागरिक विमानन सेवा प्रदान करने वाली निजी क्षेत्र की कम्पनी स्पाइसजेट की नयी विमानन नीति आने के बाद अपनी अंतराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की योजना है.
कम्पनी के कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धांत शर्मा ने हाल में स्पाइसजेट के बेड़े में शामिल हुए देश के अब तक के सबसे बड़े बोइग 737.900 ईआर की गोआ-मुम्बई व दिल्ली मार्ग की प्रारम्भिक उड़ान के उपलक्ष्य में यहां आयोजित एक सम्मेलन के दौरान दिल्ली और मुम्बई से पहुंचे संवाददाताओं से कहा कि हम खास तौर पर खाड़ी के देशों तथा दक्षिण पूर्व एशिया के लिए अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने के लिए उत्सुक हैं जहां रोजगार के लिए निम्न एवं मध्य वर्ग के भारतीयों का बड़ी संख्या में आना-जाना है.
उन्होंने बताया कि स्पाइसजेट को इसी वर्ष अनुबंध पर हज यात्रियों के आवागमन के वास्ते एयर इंडिया के लिए उत्तर प्रदेश समेत देश के कुछ राज्यों से अपने विमान उपलब्ध कराने का मौका मिला और वह इस अनुबंध को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है.
उनका कहना था कि यह अनुबंध पांच वर्ष का हो तो उनकी कम्पनी हज यात्रियों के वजू करने आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराने के वास्ते अपने विमानों के शौचालय में आवश्यक परिवर्तन भी कर सकती है.
उनका यह भी कहना था कि हज यात्रियों के आने जाने के लिए एयर इंडिया द्वारा अन्य कम्पनियों से अनुबंध पर लिए गए विमानों को अभी एक तरफ की उड़ान खाली भरनी पड़ती है और इस नुकसान को उन विमानों को अन्य यात्रियों को लाने ले जाने का मौका देने से भरा जा सकता है.
;










Click it and Unblock the Notifications