कर्नाटकः भाजपा-जदएस का कल से बेमियादी धरना
बेंगलूर,02नंवबरः कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल सेक्यूलर (जद.एस) के विधायक सरकार बनाने का न्यौता मिलने तक कल से बेमियादी धरना शुरू करेंगे.
कर्नाटक की भाजपा इकाई के प्रमुख डी वी सदानंद गौडा ने यहां संवाददाताओं को बताया कि नई दिल्ली में राष्ट्रपति के समक्ष विधायकों की परेड भी करायी जाये या नहीं इस बारे में फैसला एक दो दिन में ले लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि सरकार बनाने का न्यौता मिलने में हो रही देरी से इसके पीछे कांग्रेस का कोई छुपे हुए एजेंडा होने का संशय हो रहा है.
गौडा ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अपनी बैठक में यह मसला नहीं उठाने तथा राज्यपाल की अंतरिम रिपोर्ट पर विचार नहीं करने पर हैरत जतायी. उन्होंने जानना चाहा कि आखिर राज्यपाल ने किस कारण विस्तृत रिपोर्ट नहीं भेजी जबकि विधायक उन्हें व्यक्तिगत हलफनामों समेत सभी संबद्ध दस्तावेज उपलब्ध करा चुके हैं.
गौडा ने कहा कि राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने में चंद ही घंटों का समय लगा था लेकिन राज्यपाल के समक्ष विधायकों की परेड के सात दिन बीतने के बाद भी राष्ट्रपति शासन हटाया जाना बाकी है.उन्होंने कहा कि यदि कल से कोई सामाजिक असंतोष हुआ तो उसके लिए कांग्रेस जिम्मेदार होगी.


Click it and Unblock the Notifications
