ताजनगरी में ऐश्वर्या ने मनाया जन्मदिन
आगरा, 2 नवम्बरः मुहब्बत की मिसाल ताजमहल की स्थली होने का गौरव समेटे आगरा नगरी में पूर्व विश्व सुंदरी ऐश्वर्या राय ने आज अपना 34वां जन्मदिन मनाया. ऐश्वर्या ने ताज के साए में पति अभिषेक बच्चन के संग दिन गुजारने के बाद सास जया बच्चन व श्वसुर अमिताभ बच्चन के साथ रात 12 बजे होटल अमर विलास के अपने कमरे में केक काटकर जन्मदिन की खुशियां मनाई.
बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा ऐश्वर्या को जवां दिलों की धड़कन अभिषेक ने मुहब्बत की मिसाल इमारत ताजमहल की नगरी में जन्मदिन पर बधाईयां दी. यह पहला मौका था जब फिल्मी दुनिया के चार दिग्गज कलाकार खुशियां बांटने के लिए एक जगह पर थे. यह कार्यक्रम अत्यंत गोपनीय रखा गया था.होटल अमर विलास के सूत्रों ने आज यहां बताया कि अमिताभ ने पत्नी जया,पुत्र अभिषेक और अपने परिवार के करीबी समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता अमर सिंह के साथ होटल के कोहिनूर सूट में कल रात 12 बजे केक काटे जाने के बाद ऐश्वर्या को उनके जन्मदिन पर बधाईयां दी.
ज्ञातव्य है कि अभिषेक पिछले दो दिन से ताजमहल परिसर में एक विज्ञापन फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में मां जया बच्चन,पत्नी ऐश्वर्या तथा अमर सिंह के साथ आगरा में हैं. शादी के बाद बहू के पहले जन्मदिन पर उसे आशीर्वाद देने के लिए अमिताभ कल शाम मुंबई से यहां पहुंचे. यह वही सूट है जहां भारत पाकिस्तान शिखर वार्ता के दौरान पाकिस्तान के राष्ट्रपति परिवेज मुशर्रफ ठहरे थे.
इसके पूर्व मंगलवार को ऐश्वर्या ने फतेहपुर सीकरी में स्थित शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर जया बच्चन एवं अमर सिंह के साथ खिराज-ए-अकीदत पेश की और बच्चन परिवार की खुशहाली के लिए धागे बांधकर मन्नतें मानी. तीन दिन के इस खूबसूरत सफर में बच्चन परिवार ने मीडिया से दूरी बनाए रखी. पुरातत्व विभाग के सूत्रों ने आज बताया कि अमिताभ सुबह लगभग साढ़े छह बजे अमर सिंह के साथ ताजमहल का दीदार करने गए और वहां लगभग आधे घंटे तक रहे.


Click it and Unblock the Notifications
