रोनेन सेन पेश करेंगे अपनी सफाई
नई दिल्ली, 29 अक्टूबरः भारत के संसदीय इतिहास में संभवत पहली बार ऐसा होगा जब देश के एक टॉप डिप्लोमेट अपनी एक कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए सांसदों के सामने अपना बचाव करते नजर आएंगे. सोमवार को ऐसा ही होगा, जब अमेरिका में भारत के राजदूत रोनेन सेन संसद की विशेषाधिकार समिति के समक्ष पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे.
रोनेन सेन ने कुछ समय पहले एक बयान दिया था जिसमें उन्होंने भारत-अमेरिका परमाणु समझौते का विरोध करने वालों को 'हेडलेस चिकन' की संज्ञा दे डाली थी. उनकी इस टिप्पणी से सांसद खासे नाराज हुए और इसे संसदीय गरिमा को कम करने वाला बताया. रोनेन सेन सोमवार को लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होंगे, जहां उन्हें कई सवालों से जूझना होगा। सेन को 2 नवंबर को राज्यसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने भी पेश होना होगा. सेन के बयान पर संसद में कई दिनों तक हंगामा हुआ था. लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने इस मामले को विशेषाधिकार समिति को सौंपने का फैसला किया था. हालांकि सेन ने इस मुद्दे पर विदेश मंत्रालय के जरिए अपना माफीनामा भी संसद को भेजा था.


Click it and Unblock the Notifications
