संजू की बहनों को चाहिए शांतिपूर्ण जीवन
नयी दिल्ली, 3 अक्टूबर: जिन्दगी के तमाम उतार-चढाव से रू-ब-रू होने वाली फिल्म अभिनेता संजय दत्त की बहनें को किसी बड़ी खुशी की नहीं बल्कि शान्तिपूर्ण जिंदगी की चाहत है.
एक निजी टेलीविजन चैनल को दिये साक्षात्कार के दौरान अभिनेता संजय की दोनों बहनों नम्रता और प्रिया ने भूली- बिसरी यादों के गलियारों से लेकर वर्तमान के तमाम अनछूए एवं अमिट पलों के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि जहां नरगिस दत्त और सुनील दत्त जैसी महान फिल्मी हस्तियों की संतान होने के खूबसूरत एहसास उन्हें भावविभोर करता रहा है और वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस करती हैं.
वहीं मां की कैंसर की बीमारी, संजय के नशे की लत के खिलाफ संघर्ष और फिर हाल के संजय के खिलाफ टाडा अदालत के फैसले ने उन्हें तोड़कर रख दिया है. प्रिया दत्त कहती हैं, इतने सारे उतार-चढावों के बाद हमें किसी चीज की ख्वाहिश नहीं है. बस हम शान्तिपूर्ण जीवन बिताना चाहते हैं. ज्ञातव्य है कि संजय दत्त को टाडा अदालत ने छह वर्ष की सजा सुनाई है और उच्चतम न्यायालय के आदेश पर वह आजकल जमानत पर हैं.
संजय दत्त की उपस्थिति में ही प्रिया दत्त ने कहा कि एक परिवार के रूप में संकट की इस घडी में हम अपने भाई के साथ हैं. इस मौके पर नम्रता ने कहा, मैं सिर्फ भाई को मुक्त देखना चाहती हूं. हमारे बीच बहुत ही आत्मीय संबंध हैं, फिर भी हम सब अकेले हैं. इसलिए संजय की स्वतंत्रता हमारी स्वतंत्रता है.
;











Click it and Unblock the Notifications