Shakti Dubey Success Story: सब इंस्पेक्टर की बेटी अब बनेगी IAS! कितने घंटों की पढ़ाई ने बना दिया UPSC टॉपर?
Shakti Dubey Success Story: 22 अप्रैल 2025 को UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 का फाइनल रिजल्ट जारी किया गया। प्रयागराज की शक्ति दुबे ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। एक सब-इंस्पेक्टर की बेटी ने जो कर दिखाया है, वो सिर्फ मेहनत और जज्बे से ही मुमकिन था।
यह कहानी सिर्फ एक टॉपर की नहीं, बल्कि संघर्ष, समर्पण और परिवार के सपोर्ट की मिसाल है। आइए आपको रूबरू कराते हैं कितने घंटे की पढ़ाई ने 'शक्ति' को बना दिया UPSC टॉपर....

बचपन से पढ़ाई में थी होशियार
शक्ति दुबे प्रयागराज के नैनी इलाके की रहने वाली हैं, मूल रूप से उनका गांव बलिया जिले के रामपुर गांव में है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से BSc (बायोकेमिस्ट्री) और फिर BHU से पोस्ट ग्रेजुएशन किया - और दोनों में गोल्ड मेडल भी हासिल किया।
बचपन से पढ़ाई में तेज रहीं शक्ति ने 2018 में UPSC की तैयारी शुरू की। पहले दो अटैम्प्ट में सफलता नहीं मिली, दूसरे प्रयास में सिर्फ दो नंबर से चूक गईं, लेकिन हार नहीं मानी। तीसरे प्रयास में उन्होंने इतिहास रच दिया।
पिता की जुबानी बेटी की सफलता की कहानी
देवेंद्र कुमार दुबे, जो प्रयागराज ट्रैफिक विभाग में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात और पेशकार हैं, बताते हैं कि उन्होंने कभी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। ड्यूटी पर जाते वक्त वो बेटी की जरूरतें नोट कर लेते थे और लौटते वक्त उन्हें जरूर लेकर आते।
उनकी मां प्रेमा दुबे, जो गृहणी हैं, कहती हैं कि शक्ति ने कई बार 18-18 घंटे की पढ़ाई की। UPSC की तैयारी के दौरान उन्होंने दिल्ली में रहकर गहराई से पढ़ाई की।
शक्ति की तैयारी का पैटर्न
- वैकल्पिक विषय: पॉलिटिकल साइंस और इंटरनेशनल रिलेशंस
- अटेम्प्ट: तीसरा अटेम्प्ट
- तैयारी की शुरुआत: 2018 से
- पढ़ाई का समय: दिन में औसतन 10-12 घंटे, लेकिन आखिरी साल में कई बार 16-18 घंटे
7 साल की तपस्या का फल
शक्ति ने कहा, 'मैंने हर असफलता को एक सीख की तरह लिया। 2023 में जब सिर्फ दो नंबर से नहीं हुआ, तो टूट गई थी। लेकिन परिवार और दोस्तों ने मुझे कभी हिम्मत नहीं हारने दी।' उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बहन, भाई और गुरुओं को दिया है।
परिवार में खुशी का माहौल
शक्ति की जुड़वां बहन प्रगति दुबे भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही हैं और भाई आशुतोष MCA कर रहा है। पूरी कॉलोनी और गांव में खुशी का माहौल है - लोग मिठाइयां बांट रहे हैं, बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
शक्ति दुबे का संदेश UPSC के छात्रों के लिए
'हार मत मानो, खुद पर भरोसा रखो और पूरी ईमानदारी से मेहनत करो। UPSC एक यात्रा है, इसमें समय लगता है लेकिन अगर सच्ची लगन हो तो सफलता जरूर मिलती है।'












Click it and Unblock the Notifications