Success Story: क्लर्क की बेटी ने क्रैक किया UPSC, मां बोलीं-सुनने पड़ते थे ताने, अब उसी ने किया नाम रोशन
Kritika Chugh UPSC CDS: 'बेटा नहीं है। दो बेटी हैं। परिवार का नाम कैसे चलेगा? बेटी को इतना पढ़ा-लिखाकर क्या करोगे? इत्तेफाक देखिए कि जिस बेटी के लिए ये सब ताने सुनने को मिलते थे उसी ने कमाल कर दिखाया। पूरे परिवार का नाम रोशन कर दिया।'
यह कहना है राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के प्रेमनगर की रहने वाली टीचर गीता चुघ का, जिनकी बेटी कृतिका चुघ ने यूपीएससी क्रैक कर डाली है। यूपीएससी की कम्बाइंड डिफेंस सर्विस परीक्षा में 6000 उम्मीदवारों में 17वीं रैंक हासिल कर कृतिका आर्मी में अफसर बन गई है।

कृतिका चुघ के पिता सुनील चुघ श्रीगंगानगर के एलआईसी ऑफिस में क्लर्क पद पर कार्यरत हैं। सरकारी टीचर गीता ने बताया कि बेटी ने यूपीएससी की लिखित परीक्षा, सर्विस सलेक्शन बोर्ड इंटरव्यू, स्क्रीनिंग, कॉन्फ्रेंस, मेडिकल समेत कई चरणों को सफलतापूर्वक पूरा किया है।
गीता कहती हैं कि बेटी कृतिका चुघ भारतीय सेना में बतौर लेफ्टिनेंट बॉर्डर पर तैनात होगी। बेटी ने 'डू नॉट गिव अप' को सफलता का मूल मंत्र मान रखा है। कड़ी मेहनत और खुद पर भरोसा रखकर भी यह कामयाबी हासिल की है।
सालभर की ट्रेनिंग के बाद नौ मार्च को पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेकर पहली बार श्रीगंगानगर स्थित घर पहुंची तो परिजनों ने उसके स्वागत में पलक पांवड़े बिछा दिए। दोपहर से शाम तक जश्न मनाया गया। केक काटकर भी खुशी मनाई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कृतिका ने बताया कि अपने परिवार और देश के लिए कुछ अलग करना चाहती थीं। बचपन से ही उसका यह सपना था, जो अब इंडियन आर्मी ज्वाइन करने के बाद पूरा हो गया है।
पिता सुनील चुघ कहते हैं कि बेटी ने 12वीं तक की पढ़ाई श्रीगंगानगर के नोजगे पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की। नॉनमेडिकल में स्कूल टॉपर रही। दिल्ली के मिरांडा हाउस हाउस कॉलेज से ग्रेजुएशन की डिग्री ली। एमजीएस विश्वविद्यालय बीकानेर से बीएड और इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी से हिस्ट्री में एमए किया।












Click it and Unblock the Notifications