Kerala Floods: मछली बेचकर पढ़ाई करने वाली छात्रा ने की केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद, दान दिए डेढ़ लाख रुपये
केरल में आई बाढ़ ने पूरे राज्य में तबाही मचा दी है। अब तक इस बाढ़ से 300 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। सेना, एनडीआरएफ समेत कई स्वतंत्र एनजीओ राज्य में राहत बचाव कार्य में लगे हैं।

तिरुवनंतपुरम। केरल में आई बाढ़ ने पूरे राज्य में तबाही मचा दी है। अब तक इस बाढ़ से 300 से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। सेना, एनडीआरएफ समेत कई स्वतंत्र एनजीओ राज्य में राहत बचाव कार्य में लगे हैं। शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 करोड़ के राहत पैकेज का ऐलान किया है। पूरा देश केरल के लिए दुआ कर रहा है और अपने-अपने तरीकों से मदद कर रहा है। मछली बेचने पर ट्रोल होने वाली छात्रा हनान हामिद भी केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई हैं।

बाढ़ पीड़ितों की मदद को आग आईं हनान
केरल की रहने वाली बीएससी छात्रा हनान हामिद को कॉलेज के बाद मछली बेचने पर सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था। अब वही हनान केरल में बाढ़ से पीड़ित लोगों की मदद कर रही हैं। हनान ने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए डेढ़ लाख रुपये दान दिए हैं। हनान ने कहा कि जो उन्हें लोगों ने दिया, अब वो वही उन लोगों को वापस दे रही हैं। हनान ने बताया कि उन्हें ये पैसे उनके शुभचिंतकों ने दिए हैं।

खुद मुख्यमंत्री को जाकर देंगी चेक
'ट्रोलिंग के बाद से ही मेरे अकाउंट में पैसे आने लगे थे, जो डेढ़ लाख हो गए। जिन लोगों ने मेरी मदद की वो अब तकलीफ में हैं और मैं उन्हें उनके पैसे वापस देना चाहती हूं।' हनान लोगों से मिली सारी मदद केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए देंगी और अपने पास केवल वही पैसे रखेंगी जो उन्होंने खुद से कमाए हैं। हनान मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के रिलीफ फंड में ये पैसे दान देना चाहती हैं, लेकिन किन्हीं कारणों से वो अभी तक ये पैसे ट्रांसफर नहीं कर पाई है। हनान अब खुद मुख्यमंत्री से मिलकर ये चेक उन्हें सौंपेंगी।

मछली बेचने पर हनान को किया गया था ट्रोल
बीएससी छात्रा हनान को कॉलेज यूनिफॉर्म में मछली बेचने के लिए काफी ट्रोल किया गया था। 21 वर्षीय हनान एक प्राइवेट कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही हैं। वो रोज कॉलेज के बाद एर्नाकुलम जाकर वहां मछलियां बेचती थीं। एक स्थानीय अखबार के हनान की खबर छापने के बाद वो वायरल हो गई थी। उनकी प्रेरणादायक कहानी को फिल्मी सितारों से लेकर राजनेताओं तक ने शेयर किया था। जहां हर कोई हनान की लगन की तारीफ कर रहे थे, वहीं कुछ ने हनान को ट्रोल करना शुरू कर दिया।

मुख्यमंत्री ने दिए थे जांच के आदेश
हनान की कहानी वायरल होने के बाद एक फिल्म भी ऑफर हुई थी। लोगों का कहना था कि हनान ने इसी फिल्म के प्रमोशन के लिए ये झूठी कहानी रची है। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने हनान को सरकार की बेटी बताया था और उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने के लिए पुलिस को निर्देश भी दिए थे। मुख्यमंत्री ने उन सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई के भी आदेश दिए थे जिन्होंने हनान के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक बातें लिखी हैं।












Click it and Unblock the Notifications