जानवी जिंदल की सक्सेस स्टोरी: स्केटिंग में एक साथ बनाए 5 गिनीज रिकॉर्ड, कौन है यह पहली भारतीय महिला एथलीट?
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में एक बार भी नाम दर्ज करवाने के लिए लोग ताउम्र प्रयास करके भी सफल नहीं हो पाते हैं, जबकि भारत की बेटी जानवी जिंदल ने एक साथ पांच गिनीज रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। स्केटिंग गर्ल के नाम से मशहूर जानवी की सक्सेस स्टोरी उन लोगों के लिए प्रेरणादायी है, जो एक बार सफल होकर ठहर जाते हैं और आगे कदम नहीं बढ़ाते।
महज 17 साल की उम्र में एक के बाद एक करके पांच गिनीज रिकॉर्ड बनाने वाली जानवी जिंदल चंडीगढ़ की रहने वाली हैं। जानवी जिंदल सबसे युवा भारतीय महिला एथलीट बनी हैं जिन्होंने एक साथ पांच गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं। स्केटिंग की अंडर 18 कैटेगरी में पांच रिकॉर्ड किसी भी भारतीय के पास नहीं है।

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में फ्रीस्टाइल स्केटर जानवी जिंदल कहती हैं कि मेरे लिए शुरू से ही यह स्पष्ट था कि मैं ज़िंदगी में कुछ ऐसा करना चाहती हूँ जिसके लिए मैं जुनूनी हूँ। चंडीगढ़ में फ्रीस्टाइल स्केटिंग का कोई कोच नहीं है। मेरे पिता ने मुझे स्केटिंग सिखाई।
पिता को स्केटिंग नहीं आती थी। वे स्केट्स पर खड़े भी नहीं हो सकते थे। उन्होंने मुझे यूट्यूब और सोशल मीडिया पर ट्यूटोरियल देखकर सिखाया। जब मैंने अपना पहला गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, तो मेरे पिता ही थे जिन्होंने सबसे पहले मेल देखा। उन्होंने मुझे लिविंग रूम में बुलाया, और मेरे सामने एक केक रखा था जिस पर 'बधाई हो जानवी' लिखा था।
जानवी जिंदल के पांच गिनीज रिकॉर्ड
- एक व्हील पर 30 सेकंड तक 360 डिग्री स्पिन
- इनलाइन स्केट्स पर 8.85 सेकंड में फास्टेस्ट स्लैलम
- एक मिनट तक 360 डिग्री सबसे ज्यादा स्पिन
- एक व्हील पर सबसे ज्यादा 360 डिग्री स्पिन
- इनलाइन स्केट्स पर 30 सेकंड तक 360 डिग्री रोटेशन
पिछले वर्ष हासिल की असाधारण उपलब्धि
पांच गिनीज रिकॉर्ड बनाने वाली भारत की पहली महिला एथलीट जानवी जिंदल ने 15 सितंबर 2024 को स्केटिंग करते हुए यह कमाल कर दिखाया था। बीते दिनों ही गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में उनका नाम दर्ज हुआ है और उसे रिकॉर्ड से संबंधित प्रमाण पत्र मिले हैं। साथ ही गिनीज रिकॉर्ड्स ने इस बात की भी पुष्टि की है कि भारत में स्केटिंग की अंडर-18 श्रेणी में पांच गिनीज रिकॉर्ड बनाने वाली पहली एथलीट जानवी जिंदल हैं।

स्केटिंग क्या होता है?
स्केटिंग एक खेल और फिटनेस गतिविधि है जिसमें व्यक्ति विशेष जूतों (स्केट्स) की मदद से बर्फ, रोलर या अन्य चिकनी सतह पर चलना होता है। इसके प्रकारों में आइस स्केटिंग, रोलर स्केटिंग, और स्केटबोर्डिंग शामिल हैं। इसमें संतुलन, गति और फुर्ती का अद्भुत मेल मायने रखता है। स्केटिंग को खेल, स्टंट और मनोरंजन के तौर पर अपनाया जा सकता है।
गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स क्या हैं?
गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (पूर्व में गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स) एक वैश्विक संगठन है। इसका मुख्यालय लंदन में है। यह खेल, विज्ञान, शरीर की क्षमताओं, मानव उपलब्धियों, कला, तकनीक, प्रकृति आदि किसी भी क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि को अपने रिकॉर्ड में आधिकारिक रूप से दर्ज करता है। अगर कोई व्यक्ति या समूह किसी भी क्षेत्र में दुनिया का "सबसे पहला", "सबसे बड़ा", "सबसे तेज़", "सबसे लंबा" आदि रिकॉर्ड बनाना चाहता है, तो वह गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में आवेदन करके उसे मान्यता दिलवा सकता है।
गिनीज़ रिकॉर्ड के लिए आवेदन कैसे करें?
चरण 1: गिनीज़ की वेबसाइट पर जाएं
वेबसाइट: https://www.guinnessworldrecords.com
चरण 2: नया अकाउंट बनाएं
"Register" पर क्लिक करें और अपनी ईमेल ID, नाम, पासवर्ड डालकर अकाउंट बनाएं।
चरण 3: रिकॉर्ड के लिए आवेदन करें
लॉगइन करने के बाद "Apply for a Record" पर क्लिक करें।
दो विकल्प मिलते हैं।
- Attempt a current record - किसी पहले से बने रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए।
- Apply for a new record - नया रिकॉर्ड बनवाने के लिए।
चरण 4: रिकॉर्ड विवरण भरें
किस तरह का रिकॉर्ड है, उसका शीर्षक, मापदंड, कितना समय लगेगा, कोई वीडियो या गवाह आदि की जरूरत होगी।
चरण 5: प्रोसेसिंग का इंतजार करें
गिनीज़ टीम आपके आवेदन की समीक्षा करेगी। इसकी प्रक्रिया में 4 से 12 सप्ताह तक का समय लग सकता है।
चरण 6: रिकॉर्ड प्रयास करें और सबूत जमा करें
रिकॉर्ड प्रयास करने के बाद उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग, फोटो, गवाहों का बयान, टाइमर या कोई अन्य प्रमाण गिनीज़ को भेजना होगा।
चरण 7: मान्यता प्राप्त करें
सबूतों की जांच के बाद, यदि गिनीज़ टीम को सब कुछ सही लगता है, तो वे आपको गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर घोषित करेंगे और एक ऑफिशियल सर्टिफिकेट भेजेंगे।












Click it and Unblock the Notifications