सर्दियों में इन 4 चीजों का सेवन करने से हड्डियों का दर्द होगा छूमंतर, भरपूर मात्रा में मिलेगा कैल्शियम
Food For Bones: सर्दियों के मौसम में हड्डियों की समस्या काफी बढ़ जाती है। जोड़ों में दर्द और गठिया की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए कपकपाती ठंड काफी तकलीफ देती है। ऐसे में सर्दियों के मौसम में हेल्दी डाइट का सेवन करना बहुत ही जरूरी हो जाता है। इस मौसम में हड्डियों के दर्द से निजात पाने के लिए दूध के साथ साथ कुछ और अच्छी चीजों का सेवन करना चाहिए ताकि हड्डियां मजबूत रह सकें।
हड्डियों को मजबूती देने के लिए दूध-दही के साथ साथ कुछ खास चीजों का सेवन करना चाहिए। आपको बता दें कि सिर्फ डेयरी प्रोडक्ट्स ही आपकी हड्डियों को हेल्दी और स्ट्रॉन्ग नहीं रखते हैं, बल्कि नॉन-डेयरी प्रोडक्ट्स भी हड्डियों को हेल्दी बना सकते हैं। ऐसे में आप इन 4 चीजों का सेवन जरूर करें।

गाजर और पालक से तैयार करें जूस
सर्दियों के मौसम में गाजर और पालक से तैयार जूस का सेवन करें। इसमें भरपूर मात्रा में कैल्शियम होता है जो कि हड्डियों को मजबूत बनाता है। गाजर-पालक का जूस पीकर सर्दी के मौसममें हड्डियों के दर्द से तो छुटकारा मिलेगा ही साथ ही शरीर भी स्वस्थ रहेगा।
सर्दियों में साबुत दालों का करें सेवन
ठंड में साबुत दालें जैसे राजमा, काबुली चना, काली दाल, कुलथी का सेवन जरूर करना चाहिए। ये दालें आपकी हड्डियों के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं। इन दालों में अधिक मात्रा में कैल्शियम होता है। इन्हें आप सलाद के रूप में भी खा सकते हैं। इन्हें खाने से सर्दी के मौसम में शरीर को गर्मी मिलती है।
सफेद और काले तिल का सेवन
हड्डियों को लंबी उम्र तक मजबूत और निरोगी बनाए रखने के लिए सफेद और काले तिल का सेवन किया जा सकता है। इनमें कैल्शियम की मात्रा मौजूद होती है। तिल न सिर्फ आपकी हड्डियों के दर्द को भगाता है बल्कि आपके शरीर को भी स्वस्थ रखता है। आप सर्दियों के मौसम में हर दिन दो चम्मच सफेद और काले तिल के बीजों का सेवन कर सकते हैं।
टोफू और हरी सब्जियां
सर्दियों के मौसम में टोफू का स्वाद जरूर लें और इसे अपनी डाइट में शामिल करें। इसके साथ ही हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे केल, ब्रोकोली, भिंडी, सोयाबीन्स में भी भरपूर मात्रा में कैल्शियम होता है। ये हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ साथ शरीर को भी स्वस्थ रखता है।
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं। Oneindia Hindi इनकी पुष्टि नहीं करता है। इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से जरूर संपर्क करें)












Click it and Unblock the Notifications