Heart: कपकपाती ठंड में हार्ट को ऐसे रखें हेल्दी, अपनाएं ये घरेलू टिप्स
Tips For Healthy Heart: बढ़ती ठंड के साथ ही हेल्थ से जुड़ी कई तरह की समस्याएं सामने आने लगती हैं। इस मौसम में अक्सर इम्युनिटी काफी कमजोर हो जाती है, जिसकी वजह से लोग आसानी से संक्रमण और मौसमी बीमारियों का शिकार हो जाते हैं। इतना ही नहीं इस दौरान कई पुरानी बीमारियों का खतरा भी काफी बढ़ जाता है। खासतौर पर बूढ़ों, बच्चों और हार्ट की समस्या से जूझ रहे लोगों को सर्दियों के मौसम में काफी परेशानी होती है।
कपकपाती ठंड में हर किसी को अपनी सेहत का ख्याल जरूर रखना चाहिए और दिल के मरीजों को इस दौरान अपना खास ख्याल रखने की जरूरत है। डॉक्टरों की मानें तो इस मौसम में दिल का दौरा पड़ने का खतरा सबसे ज्यादा होता है। कड़कड़ाती ठंड में अक्सर लोगों की लाइफस्टाइल काफी बदल जाती है।

सर्दियों में आलस की वजह से लोग अक्सर शारीरिक गतिविधियां कम कर देते हैं, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। अगर आप अपने हार्ट को हर तरह की समस्या से दूर रखना चाहते हैं तो सर्दियोंमें कुछ खास टिप्स जरूर अपनाएं और अपनी देखभाल करें।
हार्ट को हेल्दी रखने के लिए अपनाएं ये टिप्स
हेल्दी हार्ट के लिए खाएं हेल्दी खाना
सर्दियों का मौसम खानपान के लिए बहुत ही अच्छा होता है। इस मौसम में अपने दिल को हेल्दी बनाए रखने के लिए जरूरी है कि आप अपनी डाइट में पोषक तत्वों से भरपूर फूड्स शामिल करें। सर्दियों में हेल्दी हार्ट के लिए आप फल और सब्जियां, नट्स, अंडे, चिकन, साबुत अनाज का सेवन कर सकते हैं। शराब, धूम्रपान, अतिरिक्त चीनी, सोडियम और ट्रांस फैट वाले फूड्स खाने से बचें।
खुद को हाइड्रेट रखें
सर्दियों में अक्सर प्यास कम लगने की वजह से लोग पानी पीना भी कम कर देते हैं। हालांकि, किसी भी मौसम में हेल्दी रहने के लिए हाइड्रेट रहना बहुत जरूरी होता है। हाइड्रेटेड रहने से शरीर में सोडियम लेवल को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है, जो आपके ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है। अधिक मात्रा में पानी पीने से हार्ट को हेल्दी रखा जा सकता है।
स्ट्रेस से दूर रहें
इन दिनों लोगों की लाइफस्टाइल बहुत ज्यादा बदल चुकी है। ऐसे में लोग किसी न किसी वजह से तनाव का शिकार होते जा रहे हैं। खराब मानसिक स्वास्थ्य या तनाव का सीधा असर हार्ट पर पड़ता है। स्ट्रेस हार्ट की समस्याओं को बढ़ाता है। ऐसे में तनाव को कम करने की कोशिश जरूर करें।
गर्म कपड़े पहनें
सर्दियों में सेहतमंद रहने के लिए जरूरी है कि आप खुद को ठंड से बचाकर रखें। इसके लिए सही खानपान के अलावा सही पहनावा भी बहुत जरूरी होता है। इसलिए सर्दियों में अपने शरीर को गर्म रखने के लिए गर्म कपड़े जरूर पहनें। शरीर को पूरी तरह से ढक कर रखने की कोशिश करें।
घर के अंदर एक्सरसाइज करें
ठंड के मौसम में दिल को हेल्दी रखने के लिए एक्सरसाइज जरूर करना चाहिए। हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि बाहर सर्द मौसम में वर्कआउट बिल्कुल न करें। ये आपके लिए हानिकारक साबित हो सकता है। सर्दियों में घर के अंदर ही हल्की एक्सरसाइज जरूर करें।
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं। Oneindia Hindi इनकी पुष्टि नहीं करता है। इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से जरूर संपर्क करें)












Click it and Unblock the Notifications