Holi 2026: होली पर ऐसे रखें स्किन और बालों का ख्याल, रंग लगाने से पहले इन टिप्स की मदद से करें तैयारी
Holi 2026: होली का त्योहार खुशियों, रंगों और मस्ती से भरपूर रहता है लेकिन जहां एक ओर गुलाल और पानी का उत्साह होता है, वहीं दूसरी ओर स्किन और बालों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना रहता है। इस बार होली का त्योहार आगामी 4 मार्च 2026 को मनाया जाएगा।
केमिकल युक्त रंगों से कैसे बचें
दरअसल बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त रंग स्किन को रूखा और डल बना देते हैं। इसके अलावा इन कलर्स से बालों को भी काफी नुकसान पहुंचता है। ऐसे में जरूरी है कि होली खेलने से पहले और बाद में स्किन से लेकर बालों तक की सही देखभाल की जाए।

होली पर बालों और स्किन का रखें ख्याल
ऐसे में होली खेलने से पहले और बाद में बालों और स्किन को सही रखने के लिए कुछ आसाना टिप्स अपनाने की काफी ज्यादा जरूरत होती है। आइए आपको बताते हैं कुछ आसान और असरदार होलिस्टिक स्किन और हेयर केयर टिप्स के बारे में।
होली खेलने से पहले की तैयारी
स्किन और बालों की ऑयलिंग जरूरी
होली खेलने से कम से कम 30 मिनट पहले चेहरे, गर्दन, हाथ-पैर और कानों के पीछे नारियल या बादाम का तेल जरूर लगाएं। इससे रंग स्किन में गहराई तक नहीं जाएगा और बाद में आसानी से हटाया भी जा सकेगा। इसके अलावा बालों में भी अच्छी तरह से ऑयलिंग करें। आप बालों में नारियल तेल,ऑलिव ऑयल या हेयर सीरम का इस्तेमाल कर सकते हैं।
स्किन पर मॉइश्चराइजर और सनस्क्रीन लगाएं
स्किन पर तेल लगाने के बाद हल्का मॉइश्चाराइजर और SPF युक्त सनस्क्रीन जरूर लगाएं। इससे धूप और रंगों के केमिकल से त्वचा को अतिरिक्त सुरक्षा मिलेगी और कम नुकसान पहुंचेगा।
नाखूनों की करें सुरक्षा
होली में रंग लगाने से पहले नाखूनों पर डार्क नेल पॉलिश लगा लें। इससे रंग नाखूनों के अंदर नहीं जमेगा और नुकसान होने से भी बचेगा।
होली के लिए सही कपड़े चुनें
होली के दिन रंग लगाने से पहले पूरी बाजू के कपड़े पहनें ताकि त्वचा कम से कम एक्सपोज हो। इस दिन के लिए कॉटन फैब्रिक बेहतर विकल्प है। इससे शरीर पर रंगों का असर कम होता है।
होली खेलने के दौरान इन बातों का जरूर रखें ध्यान
-होली पर ऑर्गेनिक या हर्बल रंगों का इस्तेमाल करें।
-चेहरे पर ज्यादा रगड़कर रंग न लगाएं।
-आंखों और मुंह में रंग जाने से बचाएं।
-ज्यादा देर तक गीले बाल न रखें।
होली के बाद स्किन केयर रूटीन
स्किन को तेजी से स्क्रब न करें
रंग हटाने के लिए स्किन को जोर-जोर से रगड़ना सबसे बड़ी गलती है। पहले गुनगुने पानी से धीरे-धीरे रंग हटाएं, उसके बाद चेहरे पर स्क्रब करें। चेहरे को माइल्ड फेशवॉश से अच्छे से धोएं।
क्लींजर का सही इस्तेमाल
माइल्ड फेस वॉश या क्लींजर से चेहरा साफ करें। अगर रंग ज्यादा जिद्दी है तो बेसन, दही और हल्दी का पेस्ट लगाकर 10 मिनट तक रखें और बाद में अच्छे से धो लें।
डीप मॉइश्चराइजिंग करें
रंग और धूप की वजह से स्किन रूखी और डल हो जाती है। होली खेलकर नहाने के बाद चेहरे पर एलोवेरा जेल या हाइड्रेटिंग क्रीम जरूर लगाएं।
फेस पैक लगाएं
होली के अगले दिन स्किन को रिलैक्स देने के लिए खीरा,गुलाबजल और मुल्तानी मिट्टी का फेस पैक जरूर लगाएं।
होली के बाद हेयर केयर टिप्स
माइल्ड शैंपू का करें इस्तेमाल
बालों को धोने से पहले हल्का तेल लगाकर 20 मिनट छोड़ दें। फिर सल्फेट-फ्री शैंपू से बालों को अच्छे से धो लें।
बालों की कंडीशनिंग न भूलें
रंगों से बाल ड्राई और फ्रिजी हो सकते हैं। इसलिए डीप कंडीशनर या हेयर मास्क का इस्तेमाल करें।
नेचुरल हेयर मास्क
दही और अंडे का हेयर मास्क बालों को पोषण देता है। इसे 30 मिनट लगाकर धो लें।
हीट स्टाइलिंग से बचें
होली के तुरंत बाद स्ट्रेटनर या कर्लर का इस्तेमाल न करें। बालों को प्राकृतिक रूप से सूखने दें।
इन आसान टिप्स को भी करें फॉलो-
-ज्यादा गर्म पानी से नहाने से बचें।
-शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए भरपूर पानी पिएं।
-अगर त्वचा में जलन या एलर्जी हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
रंगों के साथ सेहत भी है जरूरी
होली का असली मजा तभी है जब आप बेफिक्र होकर त्योहार का मजा लें। थोड़ी सी सावधानी और सही केयर से आप अपनी त्वचा और बालों को नुकसान होने से बचा सकते हैं। इस बार होली पर रंगों के साथ अपनी खूबसूरती और सेहत का भी ख्याल रखें।












Click it and Unblock the Notifications