Hartalika Teej 2025: हरतालिका तीज पर इन 6 तरह की साड़ियों से खुद को सजाएं, ज्वैलरी-मेकअप का भी रखें ख्याल
Hartalika Teej 2025: भारत में त्योहारों का विशेष महत्व है और इन मौकों पर महिलाएं अपने श्रृंगार और परिधानों पर खास ध्यान देती हैं। हरतालिका तीज ऐसा ही एक पर्व है, जिसे विवाहित और अविवाहित महिलाएं बड़े उत्साह से मनाती हैं।
26 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा हरतालिका तीज
इस बार हरतालिका तीज का पर्व आगामी 26 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा। इस दिन देवी पार्वती और भगवान शिव की पूजा की जाती है और महिलाएं व्रत रखकर उनके सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगती हैं।

महिलाओं के श्रृंगार और खुशियों को समर्पित है ये पर्व
पूजा-अर्चना के साथ ही इस दिन का सबसे खास आकर्षण होता है महिलाओं का पारंपरिक श्रृंगार और खूबसूरत साड़ी। हरतालिका तीज सिर्फ व्रत और पूजा का त्योहार नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के श्रृंगार और खुशियों को भी समर्पित है।
पूजा के दिन करें सही साड़ी का चुनाव
इस दिन सही साड़ी का चुनाव आपके आत्मविश्वास और खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देता है। चाहे आप बनारसी या कांजीवरम जैसी पारंपरिक साड़ी चुनें या जॉर्जेट और ऑर्गेंजा जैसी मॉडर्न, हर साड़ी आपको इस शुभ अवसर पर खास बनाएगी।
त्योहार के पारंपरिक रंग में खुद को ढालें
यदि आप भी इस हरतालिका तीज पर कुछ खास पहनना चाहती हैं, तो यहां हम बता रहे हैं कुछ बेहतरीन साड़ियों के विकल्प, जिनमें आप न सिर्फ खूबसूरत दिखेंगी बल्कि त्योहार के पारंपरिक रंग में भी रंग जाएंगी।
हरतालिका तीज पर इन 6 तरह की साड़ियों से खुद को सजाएं
1. बनारसी सिल्क साड़ी
बनारसी साड़ियां हमेशा से ही खास मौकों की पहली पसंद रही हैं। इनके सुनहरे जरी वर्क और रिच फैब्रिक से आपकी खूबसूरती और निखर जाएगी। हरतालिका तीज पर लाल, हरा या रॉयल ब्लू रंग की बनारसी साड़ी पहनकर आप देवी पार्वती के श्रृंगार जैसी दिव्यता का अनुभव कर सकती हैं। साथ ही, भारी ज्वैलरी के साथ ये लुक और भी पारंपरिक लगेगा।
2. कांजीवरम साड़ी
अगर आप दक्षिण भारतीय शान को अपने लुक में शामिल करना चाहती हैं तो कांजीवरम साड़ी बेहतरीन विकल्प है। इसकी खासियत है मोटा रेशमी कपड़ा और चौड़े सुनहरे बॉर्डर। ये साड़ी हर महिला को एक भव्य और आकर्षक लुक देती है। लाल और हरे रंग की कांजीवरम साड़ी हरतालिका तीज के लिए बिल्कुल परफेक्ट मानी जाती है।
3. चंदेरी साड़ी
जो महिलाएं ज्यादा भारी साड़ियों से बचना चाहती हैं, उनके लिए चंदेरी साड़ी बढ़िया विकल्प है। ये हल्की, आरामदायक और देखने में बेहद खूबसूरत होती है। सुनहरे बॉर्डर और हल्के प्रिंट वाली चंदेरी साड़ी तीज पर पूजा और पूरे दिन के व्रत के दौरान पहनने के लिए एकदम सही है।
4. बंधेज (बांधनी) साड़ी
राजस्थान और गुजरात की पहचान बंधेज साड़ी रंग-बिरंगे त्योहारों के लिए सबसे खास मानी जाती है। इस पर किए गए टाई-डाई पैटर्न बेहद आकर्षक लगते हैं। हरतालिका तीज पर हरे और लाल रंग की बंधेज साड़ी पहनकर आप परंपरा और फैशन दोनों का खूबसूरत संगम दिखा सकती हैं।
5. जॉर्जेट या क्रेप साड़ी
अगर आप पारंपरिक लुक के साथ थोड़ा मॉडर्न अंदाज चाहती हैं, तो जॉर्जेट या क्रेप साड़ी चुनें। ये हल्की होने के कारण पहनने में आरामदायक होती है और पूरे दिन बिना थके आप पूजा और उत्सव का आनंद उठा सकती हैं। स्टोन वर्क या लेस बॉर्डर वाली जॉर्जेट साड़ी तीज पर आपको स्टाइलिश और एलीगेंट लुक देगी।
6. ऑर्गेंजा या नेट साड़ी
यंग महिलाओं के बीच ऑर्गेंजा और नेट साड़ियां भी काफी लोकप्रिय हैं। ये हल्की और ट्रेंडी होती हैं। हल्के एंब्रॉयडरी या सीक्वेंस वर्क वाली साड़ी तीज के मौके पर आपको एक डिफरेंट और ग्लैमरस लुक दे सकती है।
साड़ी के साथ सही ज्वैलरी और मेकअप
साड़ी का आकर्षण तब और बढ़ जाता है जब उसे सही ज्वेलरी और मेकअप के साथ पहना जाए। हरतालिका तीज पर आप पारंपरिक सोने के गहनों, मांगटीका, चूड़ी और बिंदी के साथ अपना श्रृंगार पूरा कर सकती हैं। वहीं मेकअप में लाल लिपस्टिक और सिंदूर आपके लुक को परफेक्ट बनाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications