Ganesh Chaturthi 2026: बप्पा के स्वागत में अपनाएं 10 इको-फ्रेंडली डेकोरेशन आइडियाज, घर की चीजों से सजाएं मंडप

Ganesh Chaturthi 2026: गणेश चतुर्थी का त्योहार आते ही घरों और सोसाइटी में बप्पा के स्वागत की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। गणपति स्थापना के लिए खूबसूरत मंडप और पूजा की सजावट हर किसी को पसंद होती है। हालांकि सजावट के लिए हर साल प्लास्टिक, थर्माकोल और आर्टिफिशियल फूलों का इस्तेमाल करने की बजाय इस बार कुछ अलग और पर्यावरण के अनुकूल तरीका अपनाया जा सकता है।

घर में मौजूद पुरानी चीजों की मदद से सजाएं बप्पा का मंडप
गणेश चतुर्थी 2026 पर आप मिट्टी, बांस, जूट, लकड़ी, फूल, पत्तियों और घर में मौजूद पुरानी चीजों की मदद से बेहद खूबसूरत गणपति डेकोरेशन तैयार कर सकते हैं। इससे सजावट भी आकर्षक लगेगी और पर्यावरण को नुकसान भी कम होगा। आइए जानते हैं बप्पा के दरबार को सजाने के 10 आसान और खूबसूरत आइडियाज।

Ganesh Chaturthi 2026

बप्पा के दरबार को सजाने के 10 खूबसूरत इको-फ्रेंडली डेकोरेशन आइडियाज-

1. मिट्टी के गणेश के साथ सजाएं पौधों से दरबार

अगर आप गणपति की सजावट को खूबसूरत होने के साथ पर्यावरण के अनुकूल भी रखना चाहते हैं तो मिट्टी से बने गणेश जी की प्रतिमा के साथ पौधों का इस्तेमाल करें। बप्पा की मूर्ति के आसपास छोटे-छोटे टेराकोटा गमले रखें और उनमें हरे पौधे लगाएं। पत्तियों की मदद से मूर्ति के आसपास बॉर्डर भी बनाई जा सकती है। ये सिंपल सेटअप बेहद शांत और खूबसूरत नजर आएगा।

2. केले के पत्तों से तैयार करें पारंपरिक मंडप

गणपति मंडप को ट्रेडिशनल लुक देने के लिए केले के पत्ते शानदार विकल्प हो सकते हैं। मूर्ति के दोनों तरफ केले के पत्ते लगाएं और बैकग्राउंड में कुछ इंडोर प्लांट्स रखें। सामने मिट्टी के दीये और ताजे फूल सजाएं। बिना ज्यादा सामान लगाए भी आपका गणपति दरबार बेहद आकर्षक दिखाई देगा।

3. पैठणी साड़ी से बनाएं खूबसूरत बैकड्रॉप

अगर आपके घर में कोई पुरानी पैठणी या ट्रेडिशनल साड़ी रखी है तो इस गणेश चतुर्थी पर उसका इस्तेमाल सजावट के लिए किया जा सकता है। साड़ी को गणपति की मूर्ति के पीछे बैकड्रॉप की तरह लगाएं। इसके आसपास ताजे फूलों की लड़ियां, मिट्टी के दीये और पीतल की छोटी सजावटी चीजें रखें। इससे पूरे मंडप को रॉयल और पारंपरिक लुक मिलेगा।

4. लाल ईंटों से बनाएं एस्थेटिक गणपति पंडाल

इन दिनों इंटीरियर और डेकोरेशन में ईंटों का नेचुरल लुक काफी पसंद किया जाता है। आप इसी आइडिया को गणपति सजावट में भी अपना सकते हैं। लाल ईंटों को व्यवस्थित तरीके से लगाकर बैकड्रॉप तैयार करें और आसपास टेराकोटा के बर्तन रखें। सामने चावल के आटे से स्वास्तिक या पारंपरिक डिजाइन बनाकर सजावट को और खास बनाया जा सकता है।

5. जूट और बांस से दें नैचुरल लुक

मॉडर्न के साथ अर्थी डेकोरेशन पसंद करने वालों के लिए जूट और बांस का कॉम्बिनेशन बेहतरीन रहेगा। बांस की मदद से एक साधारण फ्रेम बनाएं और उस पर जूट का कपड़ा लगाएं। पीछे बुनी हुई मैट या चटाई लगाई जा सकती है। नारियल के खोल, जूट की लटकन और छोटे हैंगिंग डेकोर से इस सेटअप को पूरा करें।

6. कार्डबोर्ड से बनाएं क्रिएटिव बैकग्राउंड

गणपति सजावट के लिए हमेशा महंगे सामान खरीदने की जरूरत नहीं होती। घर में पड़े पुराने कार्डबोर्ड की मदद से भी खूबसूरत डेकोरेशन तैयार की जा सकती है। इससे कमल, मोर, मंदिर, मोदक या अन्य पारंपरिक आकृतियां काटकर बैकग्राउंड बनाया जा सकता है। बच्चों को भी इस DIY डेकोरेशन में शामिल किया जा सकता है।

7. ताजे फूलों और आम के पत्तों से बनाएं तोरण

गणेश चतुर्थी की सजावट में फूलों और आम के पत्तों से बने तोरण की खूबसूरती अलग ही नजर आती है। प्लास्टिक की मालाओं की जगह गेंदे, गुलाब और चमेली के ताजे फूलों का इस्तेमाल करें। आम के पत्तों के साथ तैयार किया गया यह पारंपरिक तोरण घर के प्रवेश द्वार से लेकर गणपति मंडप तक को खूबसूरत बना सकता है।

8. नारियल के खोल और मिट्टी के दीयों से करें लाइटिंग

गणपति मंडप को आकर्षक बनाने में रोशनी की भी अहम भूमिका होती है। महंगी सजावटी लाइट्स की जगह नारियल के खोल को क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। इन्हें हैंगिंग डेकोर की तरह लगाकर आसपास मिट्टी के छोटे दीये रखें। दीयों की रोशनी और नेचुरल डेकोर मिलकर बेहद खूबसूरत माहौल बनाएंगे।

9. फूल, चावल और हल्दी से बनाएं इको-फ्रेंडली रंगोली

गणपति स्थापना के मौके पर रंगोली बनाना शुभ माना जाता है। इस बार केमिकल वाले रंगों की जगह घर में मौजूद प्राकृतिक चीजों से रंगोली तैयार करें। चावल, दाल, हल्दी, फूलों की पंखुड़ियां और पत्तियों का इस्तेमाल करके सुंदर डिजाइन बनाया जा सकता है। यह रंगोली देखने में आकर्षक होने के साथ पर्यावरण के लिए भी बेहतर विकल्प है।

10. पुरानी लकड़ी की क्रेट से बनाएं मिनी मंदिर

अगर घर में पुरानी लकड़ी की क्रेट, बॉक्स या इस्तेमाल में न आने वाली लकड़ी रखी है, तो उसे फेंकने की बजाय गणपति मंदिर बनाने में इस्तेमाल करें। क्रेट को साफ करके उस पर फूल, पत्तियां और दीये सजाएं। चाहें तो इसे हल्के रंग या कपड़े से डेकोरेट भी किया जा सकता है। खास बात यह है कि इस सेटअप को अगले साल भी दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है।

गणेश चतुर्थी के बाद ऐसे संभालें इको-फ्रेंडली डेकोरेशन (Eco-Friendly Decoration)

-इको-फ्रेंडली सजावट का मतलब सिर्फ प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल करना नहीं है बल्कि त्योहार खत्म होने के बाद उनका सही इस्तेमाल और निपटारा करना भी जरूरी है। ताजे फूलों और पत्तियों को कूड़े में फेंकने की बजाय कंपोस्ट में इस्तेमाल किया जा सकता है।

-जूट, कपड़े और बांस की सजावटी चीजों को संभालकर रखें ताकि अगले साल दोबारा काम आ सकें। वहीं पेपर और कार्डबोर्ड की सजावट को रिसाइकिल किया जा सकता है। इस गणेश चतुर्थी पर थोड़ी सी क्रिएटिविटी और घर में मौजूद चीजों की मदद से आप बप्पा का दरबार खूबसूरत बनाने के साथ पर्यावरण की भी देखभाल कर सकते हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+