Chhath Puja 2025 Decoration: छठ पूजा पर घाट और घर सजाने के 7 आइडियाज, देखकर हर कोई होगा खुश
Chhath Puja 2025 Decoration: भारत के प्रमुख पर्वों में से एक छठ पूजा न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि ये स्वच्छता, सादगी और सुंदरता का संगम भी है। इस पर्व में सूर्य देव और छठी मइया की उपासना के साथ वातावरण में पवित्रता और सकारात्मकता का माहौल बन जाता है।
परिवार और आस्था का उत्सव है छठ
छठ पूजा न केवल एक धार्मिक पर्व है बल्कि ये परिवार और आस्था का उत्सव है। घर और घाट की सुंदर सजावट न सिर्फ इस पावन पर्व को और खास बना देती है बल्कि इससे वातावरण में शांति और पॉजिटिविटी भी फैलती है।

घर से लेकर घाट तक की होती है साफ-सफाई
इस पावन अवसर पर व्रती महिलाएं पूरे समर्पण के साथ अनुष्ठान को निभाती हैं और घर से लेकर घाट तक हर जगह साफ-सफाई और सजावट पर विशेष ध्यान देती हैं।
छठ पूजा को खूबसूरत और यादगार बनाएं
अगर आप इस बार छठ पूजा को और खूबसूरत और यादगार बनाना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं घाट और घर की सजावट के कुछ शानदार और आसान आइडियाज बारे में।
छठ पूजा के लिए घाट और घर को सजाने के 7 तरीके-
1. साफ-सफाई से शुरू करें
-छठ पूजा का सबसे अहम हिस्सा है शुद्धता और स्वच्छता। इस दिन की शुरुआत सफाई से करनी चाहिए। घर, आंगन, पूजा स्थल और घाट हर जगह की सफाई जरूरी है।
-पूजा की जगह पर गोबर और मिट्टी से लीपाई करने की परंपरा भी होती है जो न सिर्फ पारंपरिक है बल्कि प्राकृतिक रूप से कीटाणुनाशक भी मानी जाती है। घाट की सफाई करते समय आसपास की गंदगी हटाएं ताकि जल अर्घ्य के समय वातावरण पवित्र महसूस हो।
2. रंगोली से बढ़ाएं सौंदर्य
-रंगोली हर भारतीय त्योहार की पहचान है। छठ पूजा पर भी आप प्राकृतिक रंगों या फूलों की पंखुड़ियों से रंगोली बना सकती हैं। आप सूर्य देव, कलश, बांस की टोकरी या छठी मइया की आकृति की रंगोली बना सकती हैं।
-घर के दरवाजे, पूजा स्थल और घाट के प्रवेश द्वार पर रंगोली सजाकर माहौल में उत्सव का रंग भरें। मिट्टी के दीयों से रंगोली के चारों ओर घेरा बनाकर उसे और आकर्षक बनाएं।
3. पारंपरिक थीम पर करें सजावट
-छठ पूजा की खासियत उसकी पारंपरिक सादगी है, इसलिए सजावट में भी प्राकृतिक और लोकल चीजों का इस्तेमाल करें। बांस, केले के पत्ते, नारियल के पत्ते, आम की डालियों से घाट और घर का मंडप तैयार करें।
-केले के पेड़ के दोनों ओर दीपक जलाकर पूजा स्थल को प्राकृतिक सुंदरता दें। इसके अलावा घर के मुख्य द्वार पर आम या अशोक के पत्तों से तोरण बनाएं, जो शुभता का प्रतीक है।
4. रोशनी से जगमग करें घर और घाट
-दीयों की रोशनी छठ पूजा की शान होती है। मिट्टी के दीयों में सरसों का तेल और रुई की बत्ती लगाकर पूरे घर और घाट को जगमगा दें। आप चाहें तो इको-फ्रेंडली LED लाइट्स या सोलर लाइट्स का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।
-घाट पर दीयों की कतार बनाकर सूर्य देव को अर्घ्य देने का दृश्य बेहद मनमोहक लगता है। वहीं घर की छत, खिड़कियों और आंगन में दीयों से छठी मइया का नाम लिखकर सजावट की जा सकती है।
5. पूजा स्थल की सुंदर व्यवस्था
-पूजा की थाली, सुप, दउरा और बांस की टोकरी को भी सुंदर तरीके से सजाया जा सकता है। केले, अमरूद, नारियल और गन्ने को पारंपरिक तरीके से सजाकर रखें।
-सुप में चढ़ाए जाने वाले ठेकुआ और फल-फूल को रंग-बिरंगे कपड़ों से ढकें। आप चाहें तो पूजा स्थल के आसपास फूलों की माला लगाकर सुगंधित माहौल बना सकती हैं।
6. घाट पर सामूहिक सजावट
अगर आप समाज या मोहल्ले के साथ मिलकर घाट सजाने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं तो कुछ बातें ध्यान रखें-
-सभी व्रतियों के बैठने के लिए साफ-सुथरी चटाइयां बिछाएं।
-घाट के किनारों पर केले के पेड़ और फूलों की माला लगाएं।
-सुरक्षा के लिए दीयों के पास पानी की बाल्टी या अग्निशामक इंतजाम जरूर रखें।
-लाउडस्पीकर से मधुर छठ गीत बजाकर भक्तिमय माहौल बनाएं।
7. फूलों और धूप से बनाएं पवित्रता का माहौल
छठ पूजा में फूलों की सजावट विशेष महत्व रखती है। गेंदा, गुलाब, चमेली और कमल जैसे फूलों से पूजा स्थल को सजाएं। पूजा के दौरान अगरबत्ती,धूप और कपूर जलाएं ताकि वातावरण सुगंधित और शुद्ध बना रहे।












Click it and Unblock the Notifications