CAT Results 2017: दिल्ली की इस लड़की ने पहले ही प्रयास में पास की परीक्षा, हासिल किए पूरे नंबर
CAT 2017 में इस बार दो लड़कियों ने पूरे 100 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं। इसमें से एक हैं दिल्ली के पहाड़गंज की रहने वाली छवि गुप्ता। छवि ने न केवल 100 पर्सेंटाइल हासिल किया बल्कि अपने पहले ही प्रयास में ये परीक्षा पास कर ली। छवि ने CAT की परीक्षा नौकरी करते हुए दी है और पहले ही प्रयास में सफल भी रहीं।
नई दिल्ली। CAT 2017 में इस बार दो लड़कियों ने पूरे 100 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं। इसमें से एक हैं दिल्ली के पहाड़गंज की रहने वाली छवि गुप्ता। छवि ने न केवल 100 पर्सेंटाइल हासिल किया बल्कि अपने पहले ही प्रयास में ये परीक्षा पास कर ली। छवि ने CAT की परीक्षा नौकरी करते हुए दी है और पहले ही प्रयास में सफल भी रहीं।
CAT 2017 में हासिल किया 100 पर्सेंटाइल
छवि गुप्ता ने अपने पहले ही प्रयास में देश के सबसे कठिन परीक्षाओं में आने वाले CAT को पास कर लिया। पिछले साल की ही तरह इस साल भी CAT में 20 उम्मीदवारों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किया है लेकिन इस बार इसमें 2 लड़कियां भी हैं। पिछले साल जहां सभी 20 लड़के थे, वहीं इस बार इसमें 2 लड़कियां और 3 नॉन-इंजीनियर भी हैं। छवि गुप्ता ने भी अपनी मेहनत से इस 20 में अपनी जगह बनाई है।
पहले ही प्रयास में मिली सफलता
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक 24 वर्षीय छवि ने आईआईटी दिल्ली से बीटेक और एमटेक किया है। फिलहाल वो एक कंपनी में बतौर बिजनेस एनालिस्ट काम कर रही हैं। सबसे हैरानी वाली बात है कि उन्होंने CAT की तैयारी नौकरी के साथ-साथ ही की और पहले ही प्रयास में उन्हें सफलता हासिल हो गई। समय के अभाव के चलते छवि रोज पढ़ाई नहीं कर पाती थीं। वो केवल वीकेंड्स पर ही पढ़ाई करती थीं और कोचिंग जाती थीं।
परिवार का मिला फुल सपोर्ट
इसमें उनके परिवार ने भी उनका काफी साथ दिया है। छवि ने कहा, 'मैंने कई जगह देखा है कि अगर लड़के पढ़ रहे होते हैं तो उन्हें डिस्टर्ब नहीं किया जाता लेकिन लड़कियों को बीच-बीच में घर के काम दे दिए जाते हैं। वहीं मां-बाप ग्रेजुएशन के बाद बेटियों की शादी कर देना चाहते हैं। इसलिए कई लड़कियां पोस्ट ग्रेजुएट लेवल की परीक्षाओं में बैठ ही नहीं पातीं। शुक्र है कि मेरे परिवार मुझे सपोर्ट करता है।' (फोटो साभार: Facebook/Chhavi Gupta)