भाजपा में मोदी पर घमासान, आडवाणी होंगे दरकिनार
नई दिल्ली। भाजपा में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने पर घमासान बढ़ता जा रहा है, कल पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी से मुलाकात की लेकिन वह नहीं मानें। जिसके बाद अब उम्मीद की जा रही है कि राजनाथ सिंह कल बिना आडवाणी की सहमति के ही मोदी की पीएम पद की उम्मीदवारी की घोषणा कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह दोबारा होगा जब आडवाणी की इच्छा के विरूद्ध पार्टी ये कदम उठायेगी। इसके पहले गोवा में हुई कार्यकारिणाी बैठक में आडवाणी के विरोध के बावजूद मोदी को चुनाव प्रचार समिति का चेयरमैन बनाया गया था।
इस बीच यह भी खबरें आ रही थी कि मोदी के सामने कुछ शर्तें रखी गयी थी। जिसमें कहा गया था कि मोदी पीएम पद के उम्मीदवार घोषित होने पर गुजरात के मुख्यमंत्री का पद छोड़ेंगे साथ ही चुनाव प्रचार समिति के पद से भी त्यागपत्र देंगे। जिस पर पार्टी में मोदी खेमें ने सहमति नहीं जताई। आडवाणी द्वारा मोदी को पीएम पद का उम्मीदवार न घोषित होने देने पर भाजपा के कई नेताओं ने आडवाणी की खिलाफत की है।

इस पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि 'आडवाणी जी जनता का मूड नहीं भाप सके। उन्होने 90 के दशक में हालात को समझते हुए अटल बिहारी बाजपेयी का नाम आगे किया था लेकिन मोदी के मामले में वह ऐसा नहीं कर रहे हैं। सुशील मोदी ने यह भी कहा कि राजनीति एक ऐसा पेशा है, जिसमें व्यक्ति अंतिम समय तक कुछ न कुछ पाने की कोशिश करता रहता है।
आडवाणी के अलावा सुषमा स्वराज ने भी मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने पर अनिच्छा जताई।












Click it and Unblock the Notifications