Fact check: क्या है हमास के इस डॉक्यूमेंट का सच? जो मीनाक्षी लेखी के नाम से हो रहा वायरल
Fact Check News: इजराइल और हमास के बीच जंग जारी है। ऐसे में हमास को लेकर एक कागजात सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि भारत की ओर से हमास को आतंकी समूह घोषित करने की बात कही गई है। इस डॉक्यूमेंट को विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी से जोड़ा जा रहा है। ऐसे में खुद मंत्री लेखी ने इस डॉक्यूमेंट का सच बताया है।
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने शनिवार को संसद के उस सवाल के जवाब पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया, जिसमें कहा गया गया है कि क्या भारत हमास को आतंकवादी समूह घोषित करने की योजना बना रहा है। यह घटनाक्रम मंत्री के नाम वाले एक दस्तावेज में हमास पर संसदीय प्रश्न का उत्तर दिखाए जाने के बाद आया है।

अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लेखी ने दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से इनकार करते हुए कहा, "आपको गलत सूचना दी गई है, क्योंकि मैंने इस प्रश्न और इस उत्तर वाले किसी भी पेपर पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं।" इसी के साथ उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर और पीएमओ इंडिया को भी टैग किया।
एक अन्य पोस्ट में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जांच से अपराधी का पता चल जाएगा। विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने ऐसे किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया, जो गाजा पर शासन करने वाले फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास को भारत में आतंकवादी संगठन घोषित करता हो।
रिपोर्ट के अनुसार, जब मीनाक्षी लेखी से अलग से पूछा गया कि क्या भारत हमास को आतंकवादी संगठन के रूप में नामित करेगा, जैसा कि इजराइल की मांग है, तो उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।
उन्होंने कहा, "किसी संगठन को आतंकवादी घोषित करना गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत आता है और किसी भी संगठन को आतंकवादी घोषित करने पर संबंधित सरकारी विभाग अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार विचार करते हैं।"
इससे पहले शुक्रवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने लोकसभा को सूचित किया कि भारत हमास-इज़राइल युद्ध से उत्पन्न बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर चिंतित है और संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर जोर देते हुए "संयम और तनाव कम करने" का आह्वान किया है।

Fact Check
दावा
हमास को लेकर एक कागजात सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नतीजा
मंत्री मीनाक्षी लेखी ने हमास पर संसद के प्रश्न के उत्तर पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया












Click it and Unblock the Notifications