Fact Check: क्या चार बड़े नेताओं से मिलने के लिए पीएम मोदी ने एक दिन में 4 बार बदले कपड़े?
नई दिल्ली, 14 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी जीवनशैली को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने कई नेताओं से मुलाकात की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी चार फोटो वायरल होने लगीं। साथ ही दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी दिन में कई बार कपड़े बदलते हैं। जिसका सबूत अब सामने आ गया। वहीं दूसरी ओर उनके विरोधी बिना सच्चाई जाने इसको तेजी से शेयर करने लगे। हालांकि जांच में अब इसकी हकीकत कुछ और निकलकर सामने आई।

सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावे के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पीएम मोदी से एक ही दिन मुलाकात की, लेकिन चारों के साथ फोटो में उनके कपड़े अलग हैं। इन फोटोज को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा कि ये कैसे फकीर हैं? एक दिन में चार लोगों से मिले और चारों बार कपड़े बदले। ये पोस्ट पीएम मोदी के एक भाषण पर तंज था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वो एक फकीर हैं, जिस वजह से उनके पहनावे की आलोचना की जाती रही है।
वन इंडिया की टीम ने जब इस मामले की जांच की तो सच्चाई कुछ और निकली। सीएम योगी से मुलाकात की बात करें तो वो 11 जून की है, जबकि मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला से उन्होंने 10 जून को मुलाकात की थी। इसके अलावा पोस्ट में असम के सीएम हेमंत बिस्वा की फोटो है, वो मुलाकात दो जून को दिल्ली में हुई थी। इसके संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय और असम मुख्यमंत्री कार्यालय ने पोस्ट किया था। वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के साथ जो पीएम मोदी की फोटो है, वो 7 जून की है। उसी दिन तीरथ सिंह रावत और पीएम की मुलाकात हुई थी। ऐसे में देखा जाए तो चारों फोटो अलग-अलग दिन की है, जिस वजह से सबमें प्रधानमंत्री के कपड़े अलग हैं। जिससे साफ है कि वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है।


Fact Check
दावा
पीएम मोदी दिन में चार बार बदलते हैं कपड़े
नतीजा
दावा गलत, चारों तस्वीर अलग-अलग दिन की है












Click it and Unblock the Notifications