Fact Check: यूपी में मायावती ने नहीं किया बीजेपी को समर्थन देने का ऐलान, वायरल पोस्ट है फेक
नई दिल्ली, 21 जनवरी: यूपी में चुनावी घमासान जारी है। कोरोना महामारी की वजह से इन दिनों चुनावी चर्चा चौराहों से ज्यादा सोशल मीडिया पर हो रही। इस पर बहुत से लोग ऐसे भी सक्रिय हैं, जो राजनीति से जुड़ी अलग-अलग तरीके की अफवाहें फैला रहे हैं। अब दावा किया जा रहा कि आगामी चुनाव में बसपा सुप्रीमो और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बीजेपी को समर्थन देने का ऐलान किया है। इसे लोग तेजी से शेयर भी कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट में अखबार की कटिंग है, जिसकी हेडिंग है- 'बागी विधायक निलंबित, माया बोलीं- सपा को हराना है, भले ही भाजपा को देना पड़े वोट'। इसके साथ एक ट्विटर यूजर ने लिखा कि बसपा सुप्रीमो मायावती सपा को हराना चाहती हैं, भले ही बीजेपी को वोट देना पड़े। इसके बाद बहुत से लोगों ने इसे शेयर करते हुए दावा कर दिया कि यूपी चुनाव में बसपा ने बीजेपी को समर्थन दे दिया है।
बहुत सारे लोग ऐसा समझ रहे हैं कि मायावती ने ये बयान आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर दिया है, लेकिन ऐसा नहीं है। हमारी टीम ने जब जांच की तो पता चला कि ये अक्टूबर 2020 की खबर है। उस दौरान मायावती ने सात बागी विधायकों को सपा से साठगांठ का आरोप लगाते हुए पार्टी से निलंबित कर दिया था। उसी वक्त यूपी में एमएलसी के चुनाव हो रहे थे। मायावती सपा से इतनी नाराज थीं कि उन्होंने उसे हराने के लिए बीजेपी का साथ देने की बात कह दी। उसी बयान को अब यूपी विधानसभा चुनाव से जोड़कर वायरल किया जा रहा है, लेकिन ये पूरी तरह से गलत है।
Recommended Video

छोटे दलों से किया गठबंधन
मायावती ने अभी तक 10 छोटे दलों से गठबंधन किया है। जिसमें इंडिया जनशक्ति पार्टी, पच्चासी परिवर्तन समाज पार्टी, विश्व शांति पार्टी, संयुक्त जनादेश पार्टी, आदर्श संग्राम पार्टी, अखंड विकास भारत पार्टी, सर्वजन आवाज पार्टी, आधी आबादी पार्टी, जागरूक जनता पार्टी, सर्वजन सेवा पार्टी का नाम शामिल है।

Fact Check
दावा
मायावती ने किया बीजेपी को समर्थन देने का ऐलान
नतीजा
मायावती का वायरल बयान पुराना है।












Click it and Unblock the Notifications