क्या सच में इस्तीफा देने जा रहे हैं अरविंद केजरीवाल, सामने आया सच
Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की अटकलें सामने आई हैं। एक न्यूज पोर्टल ने रिपोर्ट में दावा किया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। 'गजब वायरल पोर्टल' के दावे के बाद वन इंडिया ने खुद इस खबर की पड़ताल की, जिसमें इस दावे का सच सामने आया है।
वन इंडिया ने आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा से इस खबर को लेकर संपर्क किया। उनसे पूछा कि क्या यह सच है कि अरविंद केजरीवाल अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। जिसपर प्रतिक्रिया देते हुए संजीव झा ने कहा कि यह खबर गलत है।

जेल में बंद हैं केजरीवाल
गौर करने वाली बात है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली आबकारी नीति मामले में जेल में बंद हैं। जेल में रहते हुए भी वह दिल्ली के मुख्यमंत्री का कार्यभार संभाल रहे हैं। वह जेल के भीतर से ही सरकार के कामकाज को देख रहे हैं।

विपक्ष कर रहा है इस्तीफे की मांग
हालांकि विपक्षी दल उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी शुरुआत से इस बात से इनकार करती आ रही है। पार्टी ने स्पष्ट तौर पर कह दिया है कि अरविंद केजरीवाल जेल के भीतर से ही सरकार चलाएंगे। उनके खिलाफ दिल्ली आबकारी का पूरा मामला फर्जी है।
ईडी ने केजरीवाल को कहा मास्टरमाइंड
वहीं ईडी ने केजरीवाल पर दिल्ली आबकारी नीति घोटाले के पीछे मास्टरमाइंड होने का आरोप लगाया है। ईडी का आरोप है कि कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए साजिश रची और इन लाभों के बदले में शराब कारोबारियों से रिश्वत मांगी। ईडी का दावा है कि आम आदमी पार्टी ने गोवा विधानसभा चुनावों के दौरान अवैध धन का इस्तेमाल किया।
ईडी का दावा है कि केजरीवाल की संलिप्तता महज नीति निर्माण तक ही सीमित नहीं थी। बल्कि इस नीति के माध्यम से उन्होंने विशिष्ट समूहों के लिए अनुचित लाभ सुनिश्चित करने में सक्रिय रूप से भाग लिया। आप नेताओं को लाभ पहुंचाने वाले महत्वपूर्ण वित्तीय लेनदेन हुए।
केजरीवाल का पक्ष
केजरीवाल के वकील का कहना है कि उनके खिलाफ मामला कुछ सह-आरोपियों के बयानों पर आधारित है, जिसमें कोई ठोस सबूत नहीं है। बता दें कि आप सरकार द्वारा शुरू की गई विवादास्पद आबकारी नीति के कारण रिश्वतखोरी और सरकारी खजाने को वित्तीय नुकसान के आरोप लगे थे, जिसके बाद इस नीति को जुलाई 2022 में निरस्त कर दिया गया था
हालांकि इन गंभीर आरोपों के बावजूद केजरीवाल खुद को निर्दोष बताते हैं। उनकी लीगल टीम का तर्क है कि उनके खिलाफ किसी भी अवैध गतिविधि या वित्तीय गड़बड़ियों से सीधे जुड़े होने का कोई ठोस सबूत नहीं है।

Fact Check
दावा
अरविंद केजरीवाल अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं।
नतीजा
यह दावा गलत है, इसकी पुष्टि खुद आम आदमी पार्टी के विधायक ने की है।












Click it and Unblock the Notifications