Fact check: क्या दिल्ली में लॉकडाउन लगने के डर से रेलवे स्टेशन पर बढ़ रही है भीड़?, रेलवे ने दी सफाई
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में कोरोना संक्रमण के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए कई राज्यो ने नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। इन सबके बाद लोगों को एक बार फिर लॉकडाउन का डर सताने लगा है। मंगलवार को दिल्ली सरकार ने रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक के लिए नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया जो 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगा। इस ऐलान के बाद ऐसी खबरें सामने आ रही है कि, पिछले साल की तरह एक बार फिर लोग दिल्ली छोड़ अपने घर की ओर जाने लगे हैं। अब इस पर उत्तरी रेलवे के सीपीआरओ की ओर से सफाई आई है।

Recommended Video
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बुधवार को नजारा देखकर लोग इसके अलग-अलग मायने निकाल रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि दिल्ली में मंगलवार रात को नाइट कर्फ्यू लगा है, जो आगामी 30 अप्रैल तक रहेगा। ऐसे में कुछ लोग नाइट ड्यूटी करते थे और ओवर टाइम कर अतिरिक्त पैसा कमा लेते थे, जो अब संभव नहीं होगा, इससे वापस अपने गृहराज्य जा रहे हैं। वहां पर गेहूं कटाई के लिए मजदूरी कर ज्यादा पैसा कमा लेंगे।
अब उत्तरी रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार ने कहा कि, खबरें चल रही थी कि लॉकडाउन की वजह से रेलवे स्टेशन पर भीड़ है। लोग भारी मात्रा में पलायन कर रहे हैं। ये खबर ठीक नहीं है। यहां पर कोई भीड़ नहीं है। सभी ने यहां मास्क पहन रखा है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है। रेलवे ने कहा कि, ऐसा कुछ नहीं है। रेलवे के अनुसार दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नहीं बढ़ रही है और सब कुछ सामान्य है।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार (8 अप्रैल) को पिछले 24 घंटें में 7437 नए कोरोना मामले सामने आए वहीं 24 लोगों की मौत हुई है और 3687 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दर 8 प्रतिशत के पार पहुंच गई है।कुल 91770 कोरोना टेस्ट किए गए हैं। इनमें से 52696 आरटीपीआर/सीबीएनएएटी/ट्रूनैट टेस्ट और 39,074 रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए हैं। दिल्ली में अब तक कुल 15257183 जांचें हुई हैं और प्रति 10 लाख लोगों पर 803009 टेस्ट किए गए हैं। वहीं दिल्ली में निरूद्ध क्षेत्र (कंटेनमेंट जोन) की संख्या बढ़कर 4226 हो गई है।

Fact Check
दावा
पिछले साल की तरह एक बार फिर लोग दिल्ली छोड़ अपने घर की ओर जाने लगे हैं।
नतीजा
रेलवे के अनुसार दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नहीं बढ़ रही है और सब कुछ सामान्य है।












Click it and Unblock the Notifications