Fact Check: क्या 'अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारों' के बाद मची भगदड़? जानें क्या है पर्दे के पीछे का सच
Fact Check Mahakumbh 2025 Stampede Case: प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान 29 जनवरी को भगदड़ में 30 मौत और 60 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर आई। इस दर्दनाक हादसे के बाद सोशल मीडिया पर दो वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में कुछ युवक 'अखिलेश यादव जिंदाबाद' के नारे लगा रहे हैं।
दूसरे वीडियो में एक संत (महाराज जी) यह कहते नजर आ रहे हैं कि कुछ युवकों की हरकत की वजह से भगदड़ मची। सोशल मीडिया पर कई लोग दावा कर रहे हैं कि महाकुंभ में भगदड़ इन्हीं युवकों की नारेबाजी के कारण हुई। हालांकि, दावे गलत हैं। लेकिन क्या यह सच है? आइए, इस वायरल दावे की सच्चाई जानते हैं...

वायरल वीडियो की पड़ताल: क्या नारेबाजी से भगदड़ मची?
फैक्ट चेक:
यह वीडियो 27 जनवरी का है, जबकि भगदड़ 29 जनवरी को हुई। आजतक की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह वीडियो सुबह 5:25 बजे रिकॉर्ड किया गया था, यानी हादसे से 40 घंटे पहले। वीडियो रायबरेली के रहने वाले प्रदीप यादव ने इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था।
प्रदीप के मुताबिक, जब वे महाकुंभ पहुंचे, तब वहां कुछ लोग 'योगी मोदी जिंदाबाद' के नारे लगा रहे थे। जवाब में उन्होंने 'अखिलेश यादव जिंदाबाद' के नारे लगाए। यानी, यह सिर्फ राजनीतिक नारेबाजी थी और इसका भगदड़ से कोई संबंध नहीं था। नारेबाजी के कारण भगदड़ नहीं मची। दो अलग-अलग वीडियो को जोड़कर सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। इस मामले की जांच IB और इंटेलिजेंस एजेंसियां कर रही हैं।
महाकुंभ भगदड़: असली वजह क्या है?
29 जनवरी को प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ मच गई, जिसमें 30 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 60 से ज्यादा घायल हो गए। इस भगदड़ के पीछे का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन जांच जारी है। प्रशासन की शुरुआती जांच में सामने आया कि संगम क्षेत्र में भीड़ जरूरत से ज्यादा बढ़ गई थी। कुछ बैरिकेड्स टूटने की वजह से श्रद्धालु असंतुलित हो गए। सुरक्षा प्रबंध पर्याप्त नहीं थे, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने से बचें। प्रशासन जल्द ही इस घटना की सटीक वजह बताएगा।

Fact Check
दावा
'अखिलेश यादव जिंदाबाद' नारे के बाद भगदड़ महाकुंभ में मची।
नतीजा
वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। नारेबाजी करने वाले युवकों का वीडियो भगदड़ से करीब 40 घंटे पहले का है और दोनों घटनाओं में कोई संबंध नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications