Fact Check: क्या किंग चार्ल्स तृतीय ने नेतन्याहू का आतंकवादी घोषित करने वाले पोस्टर का किया अनावरण, जानिए सच
Fact Check: इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें ऐसा दावा किया गया है कि किंग चार्ल्स तृतीय ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक पोस्टर का अनावरण किया है, जिसमें उन्हें आतंकवादी बताया गया है।
इस वायरल वीडियो के जरिए ऐसा दावा किया जा रहा है कि यूरोप ने नेतन्याहू को आतंकवादी घोषित कर दिया है। हालांकि, यह दावा पूरी तरह से फर्जी है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है वो एडिट वीडियो है। असल में किंग चार्ल्स ने 14 मई 2024 को लंदन के बकिंघम पैलेस में अपने आधिकारिक चित्र का अनावरण किया था।

क्या हुआ था वायरल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो में किंग चार्ल्स तृतीय को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक पोस्टर अनावरण करते हुए दिखाया गया है, जिसमें उन्हें आतंकवादी घोषित किया गया है।
पड़ताल
वायरल दावे की सत्यता की जांच करने के लिए वायरल वीडियो के कुछ कीफ्रेम्स पर रिवर्स इमेज सर्च किया। इस सर्च में मई 2024 का एक वीडियो मिला जिसे एसोसिएटेड प्रेस और कई अन्य मीडिया चैनलों द्वारा यूट्यूब पर अपलोड किया गया था। इसमें किंग चार्ल्स तृतीय को उनके राज्याभिषेक के बाद से अपना पहला आधिकारिक चित्र प्रदर्शित करते हुए दिखाया गया है।
उन्होंने 14 मई 2024 को लंदन के बकिंघम पैलेस में इसका अनावरण किया। इंस्टाग्राम पर शाही परिवार के आधिकारिक पेज और अन्य समाचार रिपोर्टों पर पोस्ट किए गए वीडियो में आप स्पष्ट रूप से देख सकते हैं कि किंग चार्ल्स तृतीय द्वारा लाल रंग में उनके चित्र का अनावरण किया जा रहा है।
इससे यह बात स्पष्ट हो जाती है कि वायरल वीडियो एडिटेड है। इसे एडिट करके बेंजामिन नेतन्याहू को आतंकवादी बताया गया था। इसके अलावा, इंटरनेट पर भी जब सर्च किया गय कि क्या यूरोप ने नेतन्याहू को आतंकवादी घोषित किया है। तो इस तरह के दावे को सत्यापित करने वाली कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली।
निष्कर्ष रूप में, ऑनलाइन प्रसारित वीडियो को बदल दिया गया है और इसमें किंग चार्ल्स तृतीय से संबंधित वास्तविक घटनाओं या बेंजामिन नेतन्याहू के संबंध में यूरोप की किसी घोषणा को नहीं दर्शाया गया है।

Fact Check
दावा
दावा: वीडियो में राजा चार्ल्स तृतीय को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक पोस्टर अनावरण करते हुए दिखाया गया है, जिसमें उन्हें आतंकवादी घोषित किया गया है।
नतीजा
तथ्य: यह वायरल वीडियो एडिट किया गया है। मूल वीडियो मई 2024 का है, जिसमें किंग चार्ल्स अपने आधिकारिक चित्र का अनावरण करते हुए दिखाई दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications