Fact Check: पटना वाले खान सर की क्या अस्पताल में हो गई मौत? क्या है वायरल तस्वीर की सच्चाई?
Fact Check: पटना के मशहूर शिक्षक खान सर बीपीएससी परीक्षा के नॉर्मलाइजेशन के विरोध में शामिल होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड में हैं। पटना में शुक्रवार 6 दिसंबर की शाम खान सर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उसके बाद उनके हिरासत में लिए जाने और गिरफ्तारी की अफवाहें फैली। फिर खबर आई की खान सर अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत खराब है। इन सब के बीच खान की मौत से जुड़ी अफवाह सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
खान सर को 7 दिसंबर को पटना के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में भर्ती होने के बाद सोशल मीडिया पर खान सर की कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए। कुछ वीडियो में खान उल्टी करते भी दिख रहे हैं। अब कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी मौत की अफवाह फैला दी है। उनकी तस्वीर वायरल कर लिखा जा रहा है कि खान सर इस दुनिया में नहीं रहे हैं। हालांकि ये खबर फेक है। खान सर ठीक हैं और अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए हैं।

सोशल मीडिया यूजर्स का दावा- कल खान सर हमारे बीच नहीं रहे।
इंस्टाग्राम यूजर @love.for.u.14_vinod_ ने अपने इंस्टाग्राम पर खान सर माला पहने हुए तस्वीर शेयर कर उनकी मौत का दावा किया। यूजर ने लिखा, '' कल खान सर हमारे बीच नहीं रहे''
इसी यूजर ने एक अन्य पोस्ट में लिखा है कि ''खान सर की मौत हो गई''। एक अन्य इंस्टाग्राम यूजर @murari_lal_9744 ने खान सर की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि आज सुबह खान सर की मौत हो गई।
खान सर के बारे में ये बात धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर फैल गई है। कुछ यूजर्स ने ये तक पूछना शुरू किया कि क्या सच में ऐसा है? एक यूजर ने लिखा, क्या कोई बताएगा...ऐसी बातें कौन फैला रहा है?
क्या है वायरल दावे की सच्चाई?
जैसा कि हम पहले बता चुके हैं कि ये एक फेक न्यूज है। खान सर की तबीयत बिल्कुल ठीक है और वह अस्पताल से डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। किसी भी मीडिया संस्थान ने खान सर को लेकर ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं चलाई है। खान सर की टीम ने भी ऐसी कोई जानकारी सोशल मीडिया पर साझा नहीं की है।

Fact Check
दावा
पटना के मशहूर शिक्षक खान सर की मौत का दावा किया जा रहा है।
नतीजा
नहीं, खान सर बिल्कुल ठीक हैं। उनकी मौत की खबर फर्जी है।












Click it and Unblock the Notifications