Fact Check: करूर भगदड़ के बाद विजय थलापति देश छोड़ने की तैयारी में? वायरल वीडियो में फैली अफवाह, जानें सच
Fact Check: (TVK chief Vijay) तमिलनाडु के करूर जिले में शनिवार 28 सितंबर को हुई भीषण भगदड़ ने 39 लोगों की जान ले ली और 95 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) के अध्यक्ष और अभिनेता विजय थलापति की हरकतों को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें तेज हो गईं।
भगदड़ के बाद वायरल वीडियो
हादसे के कुछ ही घंटे बाद विजय तिरुचिरापल्ली (त्रिची) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर देखे गए। वायरल वीडियो में अभिनेता ब्लैक SUV से उतरते और कैमरों से बचते नजर आए। इसके बाद खबरें फैलने लगीं कि विजय चार्टर्ड प्लेन से देश छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई लोग इस पर नाराजगी जताने लगे और सवाल उठाए कि हादसे के बाद वह मृतकों और घायलों से मिलने की बजाय क्यों एयरपोर्ट पहुंचे।

फैक्ट चेक: सच क्या है?
हालांकि, यह पूरी तरह से गलत है। विजय एयरपोर्ट से सिर्फ अपने घर चेन्नई लौट रहे थे। किसी भी आधिकारिक स्रोत ने उनके विदेश जाने की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल अभिनेता अपने चेन्नई स्थित घर में सुरक्षित हैं। उन्होंने हादसे पर दुख जताया और कहा कि उनके लिए यह एक अवर्णनीय त्रासदी है।
सोशल मीडिया पर विजय की हुई आलोचना?
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने आलोचना की। एक ने लिखा कि लोग अपने बच्चों के शव लेकर अस्पताल भाग रहे थे, जबकि अभिनेता चमचमाती गाड़ी में एयरपोर्ट पहुंचे। दूसरे यूजर ने तुलना करते हुए लिखा कि जैसे विराट कोहली स्टेडियम की भगदड़ के बाद विदेश चले गए थे, वैसे ही विजय भी करूर से एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन फैक्ट यह है कि वह देश नहीं छोड़ रहे।
यूजर ने लिखा, ''सबसे बड़ी बात तो यह है कि भगदड़ मचने में मासूम लोग मारे जा रहे थे और अभिनेता विजय एयरपोर्ट से अपने घर चेन्नई के लिए निकल गए थे। चेन्नई में अपने घर पहुंचने के बाद अभिनेता विजय ने कहा कि शब्दों में बयां नहीं कर सकता दुख। जब लोग मारे जा रहे तो घर जाने की ऐसी क्या जल्दी थी अभी तो सरकार में भी नहीं आए उससे पहले लोगों को छोड़कर भाग गया।''
एक अन्य यूजर ने लिखा, ''जैसे विराट कोहली स्टेडियम में भगदड़ के तत्काल बाद लंदन भाग गए थे उसी तरह मौतों के बाद विजय हवाई अड्डे गए और एक चार्टर्ड जेट से चेन्नई के लिए रवाना हो गए। घायलों और मृतकों के परिजनों से मिले बिना।''
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अब तक क्या लिया एक्शन?
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सचिवालय में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। उन्होंने करूर जाकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती घायलों का हाल जाना।
स्टालिन ने मृतकों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये और घायलों के लिए 1-1 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की। इसके अलावा हादसे की गहराई से जांच के लिए सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय की न्यायाधीश अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया गया है। आयोग घटनास्थल पर हुई लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की विफलताओं की जांच करेगा।
स्टालिन का बयान
मुख्यमंत्री ने कहा, "अब तक 39 लोगों की मौत हो चुकी है। हमारे राज्य के इतिहास में किसी राजनीतिक दल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में जानें नहीं गई। भविष्य में ऐसी त्रासदी कभी नहीं होनी चाहिए। जांच आयोग के जरिए सच्चाई सामने आएगी। राजनीतिक मकसद से मैं कुछ नहीं कहना चाहता, लेकिन जांच पूरी होने के बाद सख्त कार्रवाई होगी।"
फैक्ट चेक निष्कर्ष
वायरल वीडियो और अफवाहों के बावजूद, विजय थलापति देश छोड़कर भागने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों के बीच यह फैक्ट चेक साफ कर देता है कि विजय ने कोई अवैध या भागने जैसा कदम नहीं उठाया। ये बात अलग है कि उनका भगदड़ जैसी जगह से फौरन निकल जाना लोगों को पसंद नहीं आया। सोशल मीडिया पर विजय के गिरफ्तारी की भी मांग उठ रही है।
सोशल मीडिया पर कहा जा रहा है कि अगर अल्लू अर्जुन को भीड़ प्रबंधन की लापरवाही के लिए गिरफ्तार किया जा सकता है, तो विजय क्यों नहीं? 39 लोगों की जान जाना सिर्फ "फैन फैन्टसी" नहीं, बल्कि साफ-साफ लापरवाही है। जब किसी की जान जाती है, तो सेलिब्रिटीज और आयोजकों को भी आम लोगों की तरह जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। दोहरे मानक नहीं होने चाहिए।
हादसे के बाद करूर में पुलिस, स्वास्थ्य और प्रशासनिक अधिकारियों ने मिलकर राहत कार्य तेज किया और मृतकों के परिजनों और घायलों की मदद जारी है। इस हादसे ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भारी ध्यान खींचा है, लेकिन फैक्ट चेक से यह स्पष्ट हुआ कि अभिनेता विजय थलापति देश छोड़ने का इरादा नहीं रखते।

Fact Check
दावा
दावा: करूर भगदड़ के बाद त्रिची एयरपोर्ट विदेश जाने के लिए पहुंचे एक्टर विजय।
नतीजा
फैक्ट: नहीं, ये पूरी तरह गलत और भ्रामक जानकारी है। भगदड़ के बाद विजय चेन्नई रवाना हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications