Fact Check: भारत के पास सिर्फ 5 दिन का ऑयल स्टॉक है? पेट्रोल-डीजल खत्म होने वाला है? सरकार ने तोड़ी चुप्पी
Fact Check Crude Oil Price: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है कि भारत के पास केवल 5 दिन का तेल भंडार बचा है और जल्द ही पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत हो सकती है। कई पोस्ट और वीडियो में दावा किया जा रहा है कि जल्द ही भारत में पेट्रोल और डीजल खत्म होने वाला है। लेकिन जब इस दावे की पड़ताल की गई तो सच्चाई कुछ और ही निकली। सरकार ने इसे पूरी तरह भ्रामक और डर फैलाने वाला बताया है। पीआईबी फैक्ट चेक ने इस दावों को पूरी तरह फर्जी बताया है।
क्या है वायरल दावा?
कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में कहा जा रहा है कि भारत के पास सिर्फ 5 से 6 दिन का रणनीतिक तेल भंडार बचा है। इसे इस तरह पेश किया गया कि जैसे देश में जल्द ही पेट्रोल, डीजल और एलपीजी खत्म होने वाले हैं। इसी दावे के कारण कई जगहों पर घबराहट में खरीदारी भी देखी गई।

पीआईबी फैक्ट चेक ने एक्स पोस्ट में कहा, '' भारत के पास 'सिर्फ़ 5 दिन का रणनीतिक तेल भंडार' मौजूद है, यह दावा भ्रामक है। भारत की कुल भंडार क्षमता 74 दिनों की है और अभी लगभग 60 दिनों का स्टॉक उपलब्ध है। इसमें कच्चे तेल का भंडार, उत्पाद भंडार और भूमिगत गुफाओं में समर्पित रणनीतिक भंडारण शामिल है। पूरे देश में लगभग दो महीने की ईंधन की स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित कर ली गई है।''
🔹 सरकार ने कहा- भारत में पेट्रोल और डीजल का 60 दिनों का स्टॉक है
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 26 मार्च 2026 को जारी बयान में साफ कहा कि देश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है। सरकार के मुताबिक भारत के पास कुल 74 दिनों की भंडारण क्षमता है और मौजूदा समय में करीब 60 दिनों का स्टॉक उपलब्ध है। इसमें कच्चे तेल, तैयार उत्पाद और भूमिगत रणनीतिक भंडारण सभी शामिल हैं। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
🔹 पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पर कोई असर नहीं
मंत्रालय के मुताबिक भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा पेट्रोलियम रिफाइनर और पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक है। देश 150 से ज्यादा देशों को ईंधन सप्लाई करता है। ऐसे में घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता मजबूत संरचना पर आधारित है।
देश में एक लाख से ज्यादा पेट्रोल पंप बिना किसी रुकावट के चल रहे हैं और कहीं भी सप्लाई रोकने या सीमित करने का निर्देश नहीं दिया गया है। जिन जगहों पर भीड़ दिखी, वह सिर्फ अफवाहों के कारण हुई घबराहट का नतीजा थी।
🔹 कच्चे तेल की सप्लाई पहले से ज्यादा
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर वैश्विक चिंता के बीच भी भारत को 41 से ज्यादा देशों से कच्चे तेल की सप्लाई मिल रही है। सरकार के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार से पर्याप्त आपूर्ति हो रही है और सभी रिफाइनरियां 100% से अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं। इतना ही नहीं, आने वाले 60 दिनों के लिए कच्चे तेल की खरीद पहले ही सुनिश्चित कर ली गई है। यानी सप्लाई चेन पूरी तरह सुरक्षित है।
🔹 रणनीतिक भंडार को लेकर सच
वायरल दावे में जिस '5 दिन के स्टॉक' की बात की जा रही है, वह अधूरी और गलत जानकारी है। असल में भारत के पास कुल 74 दिनों की भंडारण क्षमता है और वर्तमान में लगभग 60 दिनों का स्टॉक मौजूद है।
सरकार ने साफ कहा कि देश में अगले दो महीनों के लिए ईंधन की स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित है और जरूरत पड़ने पर रणनीतिक भंडार का उपयोग किया जा सकता है।
🔹 एलपीजी को लेकर भी अफवाह
एलपीजी की कमी को लेकर भी कई तरह की बातें फैलाई जा रही हैं, लेकिन सरकार ने इसे भी खारिज किया है। घरेलू रिफाइनरियों में उत्पादन 40% तक बढ़ाया गया है और अब रोजाना 50 टीएमटी एलपीजी तैयार हो रही है, जो देश की जरूरत का 60% से ज्यादा है।
इसके अलावा अमेरिका, रूस और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों से 800 टीएमटी एलपीजी कार्गो पहले ही बुक किए जा चुके हैं। देश के 22 आयात टर्मिनलों के जरिए सप्लाई लगातार जारी है।
🔹 पीएनजी को लेकर भी गलतफहमी
कुछ पोस्ट में यह भी कहा गया कि एलपीजी खत्म होने के कारण पीएनजी को बढ़ावा दिया जा रहा है। लेकिन सरकार ने स्पष्ट किया कि पीएनजी विस्तार पहले से चल रही दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है। इसका मौजूदा हालात से कोई संबंध नहीं है।
मंत्रालय ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर जानबूझकर भ्रामक वीडियो और पोस्ट फैलाए जा रहे हैं, जिनमें विदेशी फुटेज और गलत जानकारी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका मकसद सिर्फ दहशत फैलाना है। सरकार ने चेतावनी दी है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को लेकर झूठी खबर फैलाना कानूनन अपराध है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
🔹 दावा पूरी तरह फर्जी
Fact Check में यह साफ हो गया है कि "भारत के पास सिर्फ 5 दिन का ऑयल स्टॉक बचा है" वाला दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है। देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और अगले कई हफ्तों के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसलिए जरूरी है कि लोग सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

Fact Check
दावा
दावा: भारत के पास केवल 5 दिन का तेल भंडार बचा है और जल्द ही पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत हो सकती है।
नतीजा
FACT: सरकार और PIB फैक्ट चेक के अनुसार भारत के पास कुल 74 दिनों की भंडारण क्षमता है और वर्तमान में लगभग 60 दिनों का तेल स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए 5 दिन वाले दावे पूरी तरह फर्जी हैं।












Click it and Unblock the Notifications