Fact Check: 'प्रिय ग्राहक रात 9.30 बजे आपकी बिजली काट दी जाएगी', आपको भी मिला ये मैसेज? जानें सच्चाई
Electricity KYC Scam: भीषण गर्मी के मौसम में वैसे ही लोग बिजली कटौती से परेशान हैं। इस बीच एक मैसेज ने और लोगों की नींद उड़ा दी है। सोशल मीडिया पर इस वक्त एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 'प्रिय ग्राहक, आज रात 9.30 बजे आपकी बिजली कट जाएगी'।
लोगों को अंजान नंबर से Whatsapp पर एक मैसेज भेजा जा रहा है, जिसको लेकर दावा किया जा रहा है कि नंबर बिजली विभाग के कर्मचारी का है, जो बिल अपडेट करने के लिए निर्देश दे रहा है। ऐसे में क्या इस वायरल मैसेज की सच्चाई, जानिए।

वायरल मैसेज में लिखा है कि, 'प्रिय ग्राहक, आज रात 9.30 बजे बिजली कार्यालय से आपकी बिजली काट दी जाएगी। क्योंकि आपका पिछले महीने का बिल अपडेट नहीं था। कृप्या जल्द 7858040527 अधिकारी से संपर्क करें।
जानिए वायरल मैसेज का सच?
ऐसे में इस वायरल मैसेज की सच्चाई पीआईबी फैक्ट चेक ने अपने एक्स पोस्ट के जरिए दी। साथ ही बिजली केवाईसी अपडेट स्कैम के खिलाफ कार्रवाई करने की जानकारी साझा की है। पीआईबी ने बताया किदूरसंचार विभाग (DoT) ने बिजली केवाईसी अपडेट घोटाले के खिलाफ कार्रवाई की है।
बताया गया कि DoT ने साइबर अपराध, वित्तीय धोखाधड़ी में दुरुपयोग किए गए 392 मोबाइल हैंडसेट को पूरे भारत में IMEI आधारित ब्लॉक करने का निर्देश दिया है। साथ ही इन मोबाइल हैंडसेट से जुड़े 31,740 मोबाइल कनेक्शनों का दोबारा सत्यापन किया जाएगा।
दूरसंचार विभाग (DoT) ने बिजली केवाईसी अपडेट घोटाले में मोबाइल नंबरों से जुड़ी धोखाधड़ी गतिविधियों की रिपोर्ट के जवाब में नागरिकों की सुरक्षा के लिए कार्रवाई शुरू की है।
नागरिकों ने धोखाधड़ी करने वालों द्वारा बिजली केवाईसी अपडेट से संबंधित एसएमएस और व्हाट्सएप संदेशों और एपीके फाइलों का उपयोग करके फ्रॉड करने की सूचना दी है। इधर, बिजली विभाग ने जनता को सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि यदि उन्हें इस प्रकार का कोई मेसेज मिले तो वे तुरंत विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें और इसकी सूचना दें।

Fact Check
दावा
दावा किया जा रहा है आज रात 9.30 बजे बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा।
नतीजा
यह मैसेज पूरी तरह से फेक है।












Click it and Unblock the Notifications