Fact Check: क्या बांग्लादेशी एक्ट्रेस नजीफा तुशी ने इस्लाम छोड़ अपनाया हिंदू धर्म?
बांग्लादेशी एक्ट्रेस नजीफा तुशी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट फर्जी है।

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बांग्लादेशी एक्ट्रेस की खूब चर्चा हो रही। दावा किया जा रहा कि उन्होंने इस्लाम धर्म छोड़ दिया है। अब वो पूरी तरह से हिंदू बन गई हैं। उनसे जुड़ी कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की जा रहीं। बहुत से लोगों ने इन तस्वीरों को सही मान लिया। साथ ही वो तेजी से इस पोस्ट को शेयर करने लगे, लेकिन जब हमने जांच की तो मामला कुछ और ही निकला।
वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि बांग्लादेशी एक्ट्रेस नजीफा तुशी ने इस्लाम छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया है। उनके नाम से एक पोस्ट भी शेयर की गई। जिसमें लिखा था कि कोई फतवा मेरे मन को नहीं बदल सकता, हर हर महादेव। इस्लाम छोड़ने के बाद मैं सनातन धर्म में धन्य महसूस कर रही हूं। इनमें से एक ट्वीट में एक महिला और एक बच्चे की तस्वीर थी, जिसमें उन्होंने अपने माथे पर तिलक भी लगाया था।

जांच में पता चला कि ये मामला फर्जी है। तुशी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया है। वो ट्विटर पर भी नहीं हैं। वो सिर्फ इंस्टाग्राम और फेसबुक चलाती हैं। वहां पर उन्होंने धर्म परिवर्तन को लेकर कुछ भी नहीं लिखा। हालांकि उनके नाम से एक फर्जी ट्विटर अकाउंट चल रहा है। जिसमें काफी विवादित पोस्ट किए गए।
एक न्यूज चैनल से बात में एक्ट्रेस ने कहा कि उनके बारे में अफवाह फैलाई जा रही है। वो एक बांग्लादेशी मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने हिंदू धर्म नहीं अपनाया है। उनकी जो फोटो वायरल की जा रही वो दूसरी महिला की है। वहीं जांच में पता चला कि जो ट्विटर अकाउंट पोस्ट कर रहा, वो फर्जी है। वो पहले भी कई अफवाहें फैला चुका है। ऐसे में सभी से अपील की जाती है कि वो किसी भी पोस्ट को शेयर करने से पहले उसकी पड़ताल जरूर करें।

Fact Check
दावा
बांग्लादेशी एक्ट्रेस नजीफा तुशी ने इस्लाम छोड़ अपनाया हिंदू धर्म
नतीजा
वायरल पोस्ट फर्जी है।












Click it and Unblock the Notifications