Toxic X Review: 'टॉक्सिक हुई रिलीज', यश के स्वैग का चला जादू, कहानी ने किया निराश, फिल्म को लेकर क्या बोले लोग
Toxic X Review: ब्लॉकबस्टर फिल्म केजीएफ 2 के बाद साउथ सुपरस्टार यश ने टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स से बड़े पर्दे पर वापसी की है। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही जबरदस्त बज बना हुआ था और इसकी एडवांस बुकिंग ने भी दर्शकों की दिलचस्पी साफ कर दी थी। ऐसे में फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की उम्मीद जताई जा रही है। अब शुरुआती स्क्रीनिंग के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों के रिएक्शन भी सामने आने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर कैसी है टॉक्सिक की पहली प्रतिक्रिया?
फिल्म देखने के बाद दर्शकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने रिव्यू शेयर करने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती प्रतिक्रियाओं को देखें तो टॉक्सिक को लेकर ऑडियंस की राय एक जैसी नहीं है। कुछ लोगों को फिल्म का विजुअल ट्रीटमेंट, प्रोडक्शन डिजाइन और यश का स्वैग काफी पसंद आया है, वहीं कुछ दर्शकों ने कहानी और स्क्रीनप्ले को लेकर निराशा जाहिर की है।

'टॉक्सिक' को लेकर क्या बोले लोग?
-एक यूजर ने फिल्म के फर्स्ट हाफ पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि तकनीकी पक्ष को छोड़ दें तो शुरुआत काफी बिखरी हुई नजर आती है। यूजर के मुताबिक फिल्म में केजीएफ की झलक जरूरत से ज्यादा दिखाई देती है और स्क्रीनप्ले भी प्रभावी नहीं लगती। एक्शन में वीएफएक्स और मोशन कैप्चर के ज्यादा इस्तेमाल को भी उन्होंने बनावटी बताया। हालांकि यश और कियारा आडवाणी के कुछ सीन्स और इंटरवल ब्लॉक को बेहतर बताया गया।
-वहीं एक दूसरे दर्शक ने फिल्म की स्टाइल और भव्यता की तारीफ की। उनके मुताबिक यश का लुक और स्क्रीन प्रेजेंस दमदार है और फिल्म की प्रोडक्शन वैल्यू भी शानदार है। खासतौर पर सर्कस वाला एक्शन सीक्वेंस उन्हें काफी पसंद आया। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि फिल्म में कई किरदारों को ठीक तरह से स्थापित नहीं किया गया है। कमजोर डायलॉग्स, इमोशनल कनेक्शन की कमी और बिखरी हुई स्क्रीनप्ले को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
-'टॉक्सिक' की शुरुआती सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं से साफ है कि फिल्म ने दर्शकों को पूरी तरह एकमत नहीं किया है। फिल्म का विजुअल स्केल, एक्शन, स्टाइल और यश की मौजूदगी कई लोगों को प्रभावित कर रही है लेकिन कहानी और स्क्रीनप्ले कुछ दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। हालांकि ये शुरुआती प्रतिक्रियाएं हैं और फिल्म को लेकर अंतिम राय दर्शकों की संख्या बढ़ने के साथ और स्पष्ट होगी।
क्या है 'टॉक्सिक' की कहानी?
-'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म की कहानी आजादी के बाद के गोवा की माफिया दुनिया के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इसमें अपराध की दुनिया के साथ परिवार, रिश्तों, वफादारी और प्रायश्चित जैसे पहलुओं को भी दिखाने की कोशिश की गई है।
-फिल्म में यश एक गैंगस्टर की भूमिका में नजर आ रहे हैं। उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, हुमा कुरैशी, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। केजीएफ के बाद यश की वापसी होने के कारण फिल्म पर दर्शकों की खास नजर है और अब ये देखना दिलचस्प होगा कि सोशल मीडिया पर मिल रही मिली-जुली प्रतिक्रिया का असर बॉक्स ऑफिस पर कितना दिखाई देता है।


Click it and Unblock the Notifications
