Jana Nayagan Review: 'जन नायकन' ने मचाई तबाही, CM बनें थलपति विजय के दीवाने हुए लोग, क्यों देखे ये फिल्म?
फिल्म: जन नायकन (Jana Nayagan)
स्टारकास्ट: थलपति विजय, पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, बॉबी देओल , प्रकाश राज
डायरेक्टर: एच विनोथ
रनटाइम: 3 घंटे 3 मिनट
रेटिंग: 3 (***)
Jana Nayagan Review: अगर आप तमिल सुपरस्टार थलपति विजय के फैन हैं तो उनकी आखिरी फिल्म 'जन नायकन' देखने के लिए थिएटर में जरूर पहुंचे। थलपति विजय की ये फिल्म आज यानी 23 जुलाई 2026 (गुरुवार) को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। थलपति विजय की हीरोगिरी क्या है, अगर आपको देखना है तो इस फिल्म को एक बार जरूर देखें।

थलपति विजय के फैंस के लिए बड़ा गिफ्ट है ये फिल्म
फिल्म का नाम 'जन नायकन' है,जो कि एक तमिल शब्द है, जिसका अर्थ होता है-'जन नेता'। आपको बता दें कि इस मूवी को थलपति विजय की आखिरी फिल्म बताया जा रहा है और ऐसे में ये उनके फैंस के लिए किसी बड़े गिफ्ट से कम नहीं है। साउथ की फिल्मों में जिस तरह का एंटरटेनमेंट दिखाया जाता है, ये फिल्म उसमें बिल्कुल फिट बैठती है।
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत खुद थलपति विजय हैं
जानकारी के अनुसार ये फिल्म पहले जनवरी 2026 में रिलीज होने वाली थी लेकिन सेंसर बोर्ड ने इसे कई कारणों के चलते रोक लिया था। अब जब ये मूवी रिलीज हुई है, तब थलपति विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन चुके हैं और फिल्म में भी उनका इंट्रोडक्शन कुछ इसी तरह से किया गया है। फिल्म की सबसे बड़ी और एकमात्र खासियत खुद थलपति विजय ही हैं।
क्या है फिल्म 'जन नायकन' की कहानी?
-फिल्म की कहानी Thalapathy Vetri Kondan नाम के एक शख्स की है, जो जेल में बंद होता है। जेल में उसकी दोस्ती एक पुलिस अधिकारी से होती है। एक हादसे में उस पुलिस अधिकारी की मौत हो जाती है, जिसके बाद थलपति उसकी बेटी की परवरिश की जिम्मेदारी उठाता है। वह बच्ची उनकी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा बन जाती है।
-इसी दौरान देश के कुछ दुश्मन भारत के खिलाफ एक बड़ी साजिश रचने की कोशिश कर रहे हैं। अब थलपति उन्हें कैसे रोकते हैं, उनकी बेटी का इस पूरे मामले से क्या लेना देना है, थलपति जेल में क्यों थे और उनकी बैक स्टोरी क्या है, इन सभी सवालों के जवाब जानने के लिए आपको थिएटर में इस फिल्म को देखना होगा।
कैसी है थलपति विजय की ये फिल्म?
-आपको बता दें कि 'जन नायकन' मूवी तेलुगू फिल्म Bhagavanth Kesari से प्रेरित है लेकिन इसके बावजूद थलपति विजय अपने स्टारडम, स्टाइल और हीरोगिरी के दम पर इतना कुछ कर जाते हैं कि आप पूरी फिल्म को आराम से इन्जॉय कर सकते हैं। ये फिल्म एक कमर्शियल एंटरटेनर है, जिसे खास तौर पर थलपति विजय के लिए देखा जा सकता है।
-फिल्म का कुल रन टाइम 3 घंटे 3 मिनट है। ऐसे में इसकी लंबाई कुछ जगह खलती है लेकिन जैसे ही थलपति विजय स्क्रीन पर आते हैं, लोग सब कुछ भूल जाते हैं। फिल्म के एक्शन सीक्वेंस शानदार हैं और रॉ अंदाज में फिल्माए गए हैं। थलपति विजय और बॉबी देओल के बीच के सीन फिल्म की सबसे बड़ी हाइलाइट्स में से एक हैं। पुलिस के रोल में थलपति विजय का लुक भी आपको खुश कर देगा।
-ये फिल्म भारत की डेमोक्रेसी को बड़े अच्छे तरीके से सेलिब्रेट करती है। फिल्म में भारत-पाकिस्तान का एंगल जरूर है लेकिन मूवी उस पर आधारित नहीं है। बैकग्राउंड म्यूजिक दमदार है, गाने अच्छे हैं और थलपति विजय का डांस हमेशा की तरह लाजवाब है। फिल्म में कई ऐसे पल आएंगे जहां आप सीटी और तालियां बजाने से खुद को नहीं रोक पाएंगे।
फिल्म की स्टारकास्ट और उनकी दमदार एक्टिंग
-फिल्म के लीड हीरो थलपति विजय ने दमदार काम किया है। स्क्रीन पर उन्हें देखकर बिल्कुल नहीं लगता कि उनकी उम्र 52 साल हो गई है। खासकर जब वह अपने यंग अवतार में नजर आते हैं, तब वो काफी फ्रेश और एनर्जेटिक दिखाई देते हैं। उनका स्टाइल, स्वैग, एक्शन और स्क्रीन प्रेजेंस पूरी फिल्म को एक अलग रूप देता है। फिल्म की कहानी बहुत ही सिंपल है लेकिन थलपति विजय अपनी एक्टिंग और स्टार पावर से इसे शानदार बना देते हैं। यही उनकी पहचान है।
-बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल ने फिल्म में विलेन का किरदार निभाया है। उन्होंने शानदार काम किया है। उनके किरदार को सिर्फ एक विलेन बनाकर नहीं छोड़ा गया बल्कि उसकी बैकस्टोरी भी दिखाई गई है। किरदार को अच्छी तरह जस्टिफाई किया गया है और बॉबी देओल ने अपने अभिनय से उसमें जान डाल दी है।
-फिल्म में पूजा हेगड़े का रोल छोटा है लेकिन अच्छा है। वहीं ममिता बैजू, विजी के किरदार में शानदार लग रही हैं और उनके अभिनय में मासूमियत और भावनात्मक गहराई नजर आती है। प्रकाश राज हमेशा की तरह अच्छे लगे हैं। हालांकि उनके किरदार को थोड़ा और स्पेस दिया जा सकता था। प्रियामणि छोटे लेकिन प्रभावी रोल में हैं।
राइटिंग और डायरेक्शन
फिल्म की कहानी अनिल रविपुडी ने लिखी है और निर्देशन एच विनोथ ने किया है। स्क्रीनप्ले भी एच विनोथ ने ही लिखा है। उन्होंने थलपति विजय को जिस तरह से पेश किया है, उसके लिए उनकी जमकर तारीफ होनी चाहिए।
क्यों देखे ये फिल्म?
थलपति विजय के फैंस उन्हें आखिरी फिल्म में जिस अवतार में देखना चाहते थे, डायरेक्टर ने बिल्कुल उसी अंदाज में हीरो को पेश किया है। ऐसे में कहानी भले ही बहुत नई न लगे लेकिन प्रेजेंटेशन और स्टार ट्रीटमेंट इसे एंटरटेनिंग बना रहे हैं। अगर आप थलपति विजय के फैन हैं, तो थिएटर में जाकर ये फिल्म एक बार जरूर देखें।


Click it and Unblock the Notifications
