Batwara 1947 Trailer Released: 'बंटवारा 1947' का दमदार ट्रेलर हुआ रिलीज, सनी देओल के डायलॉग्स ने उड़ाए होश
Batwara 1947 Trailer Released: बॉलीवुड में 'गदर' मचाने वाले एक्टर सनी देओल एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर तबाही मचाने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं। सनी देओल जल्द ही फिल्म 'बंटवारा 1947' के साथ बड़े पर्दे पर धूम मचाएंगे। एक्टर के फैंस इस फिल्म को लेकरकाफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। लोगों के इसी उत्साह को बढ़ाते हुए मेकर्स ने आज यानी 28 जुलाई 2026 (मंगलवार) को मूवी का ट्रेलर रिलीज कर दिया है।
फिल्म 'बंटवारा 1947' का दमदार ट्रेलर हुआ रिलीज
जानकारी के अनुसार फिल्म 'बंटवारा 1947' को आमिर खान प्रोडक्शंस ने बनाया है, जिसके लीड हीरो सनी देओल हैं और इसके डायरेक्टर राजकुमार संतोषी हैं। फिलहाल फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट पीक है। मेकर्स ने आज फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है जो कि लोगों को काफी पसंद आ रहा है। ट्रेलर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है और ये ट्रेंड भी करने लगा है।

कैसा है 'बंटवारा 1947' मूवी का ट्रेलर?
-आमिर खान प्रोडक्शंस की फिल्म 'बंटवारा 1947' इंडियन सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है। फिल्म के मेकर्स ने इसके इमोशनल पोस्टर्स और दमदार टीजर्स रिलीज करके पहले ही फिल्म को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट को पीक पर पहुंचा दिया था। इन झलकियों से साफ हो गया था कि फिल्म मुश्किल हालात में इंसान के हौसले और जिंदा रहने की जंग की बड़ी कहानी दिखाने वाली है।
-वहीं अब लंबे इंतजार के बाद मेकर्स ने आज फिल्म 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जो भारत के बंटवारे के सबसे दर्दनाक दौर की एक भावुक झलक दिखाता है। ट्रेलर इस यादगार कहानी के बड़े पैमाने और उसके इमोशनल सफर को बखूबी दिखाता है। 1947 के बंटवारे के आधार पर बनी ये फिल्म एक ऐसे परिवार की कहानी है, जिसकी जिंदगी हिंसा, डर और जबरन पलायन की वजह से पूरी तरह बदल जाती है।
-जो लोग कभी साथ रहते थे, वह बंटवारे की आग में एक-दूसरे से बिछड़ जाते हैं लेकिन इतने दर्द और बिछड़ने के बाद भी फिल्म ये दिखाती है कि नफरत से ऊपर इंसानियत होती है और सबसे मुश्किल वक्त में भी उम्मीद का साथ नहीं छोड़ना चाहिए।
फिल्म की दमदार स्टारकास्ट
-ट्रेलर में सनी देओल एक ऐसे शख्स के किरदार में नजर आते हैं, जो किसी भी हाल में अपने जमीर से समझौता नहीं करता। वहीं शबाना आजमी एक बुजुर्ग महिला के रोल में हैं, जिनकी समझदारी, सादगी और मजबूत सोच पूरी कहानी की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आती है। प्रीति जिंटा एक ऐसी महिला का किरदार निभा रही हैं, जो बेहद मुश्किल हालात में भी अपने परिवार को एकजुट रखने की पूरी कोशिश करती है।
-'बंटवारा 1947' में करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे दमदार कलाकार भी नजर आएंगे। खास बात ये है कि करीब 30 साल बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर साथ आई है। इस फिल्म का म्यूजिक एआर रहमान ने दिया है जबकि गाने जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म को आमिर खान और अपरणा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है।
बंटवारे का दर्द, इमोशन्स और शानदार विजुअल्स
-ट्रेलर में बंटवारे का दर्द, इमोशन्स और शानदार विजुअल्स देखने को मिलते हैं। ये सिर्फ उस त्रासदी को नहीं दिखाता बल्कि उन आम लोगों की कहानी भी सामने लाती है, जिन्होंने इतने मुश्किल दौर में भी अपनी इंसानियत, अपनापन और हिम्मत को जिंदा रखा। ऐसे में ये ट्रेलर काफी जबरदस्त है और इसे देखने के बाद फैंस फिल्म के रिलीज होने का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
-आपको बता दें कि बीते दिन सनी देओल ने अपने इंस्टा स्टोरी पर 'बंटवारा 1947' के ट्रेलर रिलीज को लेकर अपडेट दिया था। साथ ही ये भी खुलासा किया था कि फिल्म को सीबीएफसी से 'ए' सर्टिफिकेट मिला है। सनी देओल ने बताया था कि 'बंटवारा 1947' को सीबीएफसी ने जीरो कट के साथ मंजूरी दे दी है।
सनी देओल ने ट्रेलर को देश की हर मां को किया डेडिकेट
सनी देओल ने बीते दिन अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मां संग अपनी तस्वीर शेयर कर 'बंटवारा 1947' का ट्रेलर देश की हर मां को डेडिकेट किया था। एक्टर ने अपनी पोस्ट में लिखा था- मेरी मां ही मेरा रब हैं। मेरा प्यार, मेरा हौसला, मेरी ताकत। बंटवारा 1947 में अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित करता हूं।
कब रिलीज होगी 'बंटवारा 1947'?
जानकारी के अनुसार सनी देओल की 'बंटवारा 1947' मूवी स्वतंत्रा दिवस के मौके पर यानी आगामी 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उम्मीद की जा रही है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा देगी। मेकर्स से लेकर लोगों तक को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं।


Click it and Unblock the Notifications
