Batwara 1947 Review: बंटवारे की कहानी में इंसानियत का पक्ष, 'बंटवारा 1947' में छाए सनी देओल और बेटे करण
फिल्म: बंटवारा 1947 (Batwara 1947)
स्टारकास्ट: सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह
डायरेक्टर: राजकुमार संतोषी
रनटाइम: 2 घंटे 25 मिनट
रेटिंग: 4 (****)
Batwara 1947 Review: विभाजन पर बनी फिल्मों के सामने सबसे बड़ी चुनौती ये होती है कि वो इतिहास के उस रक्तरंजित अध्याय को सिर्फ हिंदू-मुस्लिम, भारत-पाकिस्तान या राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित न कर दें। वहीं 'बंटवारा 1947' की सबसे बड़ी उपलब्धि शायद यही है कि राजकुमार संतोषी 1947 की त्रासदी को दिखाते हुए भी अपनी निगाह आखिर तक इंसान पर टिकाए रखते हैं। ये फिल्म सरहद खिंचने की कहानी से ज्यादा उन लोगों की कहानी है जिनकी जिंदगी के बीच अचानक सरहद खींच दी गई।

क्या है फिल्म 'बंटवारा 1947' की कहानी?
कल तक जो घर अपना था, वह रातों-रात दूसरे मुल्क में कैसे हो गया? जिस पड़ोसी के साथ बरसों त्योहार मनाए, वह अचानक दूसरे मजहब का कैसे हो गया? जब चारों तरफ नफरत को ही बहादुरी समझा जाने लगे, तब किसी दूसरे धर्म के इंसान की रक्षा करना क्या सबसे बड़ी बहादुरी नहीं बन जाती? इन्हीं सवालों के बीच खड़े हैं सिकंदर मिर्जा, जिनका किरदार सनी देओल ने निभाया है।
सनी देओल के किरदार का चला जादू
सनी देओल को लेकर पिछले कुछ सालों में कमबैक शब्द का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल हुआ है। 'बंटवारा 1947' मूवी देखने के बाद लगता है कि अब इस शब्द को उनके संदर्भ में विदा कर देना चाहिए। ये किसी सितारे की वापसी नहीं बल्कि एक एक्टर के करियर के नए दौर का संकेत है।
फिल्म की स्टारकास्ट और उनकी दमदार एक्टिंग
-राजकुमार संतोषी जानते हैं कि सनी देओल की आवाज, उनका कद और उनका गुस्सा बड़े पर्दे पर किस तरह असर पैदा करता है। फिल्म में ऐसे डायलॉग्स और टकराव देखने को मिलते हैं, जहां पुराने परिचित सनी देओल दिखाई देते हैं। हालांकि राजकुमार संतोषी इस बार उनसे सबसे ज्यादा असर उन सीन्स में पैदा करवाते हैं जहां सिकंदर चीखता नहीं बल्कि महसूस करता है।
-सिकंदर की बेचैनी, उसका असमंजस, अपने आसपास टूटती दुनिया को देखकर भीतर जमा होता गुस्सा और सबसे बढ़कर माई के प्रति उसका अपनापन, ये सब सनी देओल के अभिनय को एक अलग गहराई देते हैं। सिकंदर की वीरता इस बात में नहीं है कि वह कितने लोगों से लड़ सकता है। उसकी असली वीरता इस बात में है कि जब भीड़ एक बूढ़ी हिंदू महिला को सिर्फ उसके धर्म के कारण दुश्मन मानने लगे, तब वह उसके सामने दीवार बनकर खड़ा होता है।
-शबाना आजमी की 'माई' का किरदार फिल्म का धड़कता हुआ दिल है। माई को सिर्फ दुख और बेबसी का प्रतीक बनाना आसान था लेकिन शबाना आजमी उन्हें इससे कहीं ज्यादा देती हैं। उनमें जिद है, हंसी है, चालाकी है, अपनापन है, उम्मीद है और अपने घर को लेकर वह स्वाभाविक अधिकार है जिसे कोई नया नक्शा खत्म नहीं कर सकता। धीरे-धीरे माई फिल्म की पात्र नहीं रहतीं लेकिन वह हमें अपने घरों की किसी दादी या नानी की याद दिलाने लगती हैं।
-सनी देओल और शबाना आजमी के बीच बनने वाला रिश्ता फिल्म का सबसे खूबसूरत पक्ष है। एक मुसलमान पुरुष और एक हिंदू बुजुर्ग महिला, विभाजन की राजनीति जिन दोनों को अलग-अलग खानों में रखना चाहती है, जिंदगी उन्हें उसी समय मां-बेटे जैसे रिश्ते में बांध देती है। राजकुमार संतोषी इस रिश्ते का अर्थ समझाने के लिए भाषण नहीं देते। कलाकार इसे महसूस करा देते हैं।
-करण देओल भी फिल्म में विशेष उल्लेख के हकदार हैं। सनी देओल जैसे बड़े स्क्रीन व्यक्तित्व के सामने खड़े होकर डायलॉग कहना और अपनी मौजूदगी दर्ज करवाना किसी भी यंग एक्टर के लिए आसान नहीं होगा। करण देओल के लिए ये चुनौती और बड़ी है क्योंकि पर्दे के बाहर भी तुलना उनके पिता से ही होती है।
-फिल्म में करण देओल कई सीन्स में आत्मविश्वास के साथ खड़े दिखाई देते हैं। उनके डायलॉग्स में आत्मविश्वास नजर आता है, कंफ्रंटेशन वाले सीन्स में एनर्जी है और सबसे अच्छी बात ये कि वो अपने पिता सनी देओल की नकल करने की कोशिश नहीं करते। वह अपने किरदार का अलग सुर तलाशते हैं। पिता के सामने बेटा दबता नहीं है और अभिनेता के तौर पर करण देओल के लिए ये इस फिल्म की जरूरी उपलब्धि है।
-प्रीति जिंटा की वापसी सिर्फ नॉस्टेलजिया बनकर नहीं रह जाती। उनके किरदार से फिल्म के भावनात्मक संसार को गर्माहट मिलती है। अली फजल अपने हिस्से में बिल्कुल अलग, नर्म और विचारशील एनर्जी लेकर आते हैं। सनी देओल के साथ उनके कुछ सीन्स फिल्म के शोर के बीच जैसे अचानक धीमी सांस लेने की जगह देते हैं।
-अभिमन्यु सिंह का याकूब पहलवान इसके ठीक उलट उस कट्टरता का चेहरा बनता है जो इंसान से पहले उसकी धार्मिक पहचान देखती है। यहीं फिल्म में कलाकारों का ग्रुप एक हो जाता है। ये सिर्फ सनी देओल के स्टारडाम के आसपास घूमती हुई फिल्म नहीं है। अलग-अलग किरदार मिलकर उस समाज की तस्वीर बनाते हैं जो बिखर रहा है।
राजकुमार संतोषी का जबरदस्त डायरेक्शन
-मंच पर लोकप्रिय रहे मूल कथानक को बड़े पर्दे पर लाने में भी राजकुमार संतोषी सिर्फ कैमरा लगाकर नाटक फिल्माने की भूल नहीं करते। गलियां, मकान, भीड़, ड्रेस, प्रोडक्शन डिजाइन, सिनेमाटोग्राफी, बैकग्राउंड स्कोर मिलकर 1947 के लाहौर का एक संसार खड़ा करते हैं। डायलॉग और किरदार मूल आधार बने रहते हैं लेकिन कैनवास पूरी तरह सिनेमाई है।
-फिल्म का दूसरा हिस्सा धीरे-धीरे अपने भावनात्मक असर को बढ़ाता है। चरमोत्कर्ष के बारे में जितना कम कहा जाए, उतना बेहतर है। इसे बिना स्पॉयलर के देखना चाहिए। वहां तक पहुंचते-पहुंचते फिल्म इतिहास की कहानी से आगे निकलकर रिश्तों की कहानी बन चुकी होती है।
क्यों देखें फिल्म 'बंटवारा 1947'?
-'बंटवारा 1947' की सबसे बड़ी खूबी ये है कि साम्प्रदायिक हिंसा पर बनी फिल्म होते हुए भी ये दर्शक के भीतर साम्प्रदायिक गुस्सा पैदा करने की कोशिश नहीं करती। ये पूछती है जब पूरी दुनिया आपको नफरत करने का कारण दे रही हो, तब क्या आपके भीतर किसी इंसान से प्रेम करने की हिम्मत बची रह सकती है?
-सनी देओल और राजकुमार संतोषी ने पहले भी व्यवस्था और अन्याय के खिलाफ गुस्से वाला सिनेमा दिया है। यहां उनका गुस्सा अधिक परिपक्व है। उसका जवाब हिंसा से ज्यादा इंसानियत में तलाशा गया है। शायद आज के समय में इसी कारण बंटवारा 1947 सिर्फ एक पीरियड ड्रामा नहीं रह जाती। देश बांटे जा सकते हैं, जमीन बांटी जा सकती है, मकान बांटे जा सकते हैं लेकिन इंसानियत का बंटवारा होना जरूरी नहीं है।


Click it and Unblock the Notifications
